Categories: UP

राज्यपाल ने दुधवा में रेड क्रॉस पदाधिकारियों संग बैठक, जनहित अभियानों को और प्रभावी बनाने का आह्वान

फारुख हुसैन

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने दुधवा प्रवास के दौरान दुधवा टाइगर रिजर्व के सभागार में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। इस संवाद में उन्होंने पदाधिकारियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और समाजहित में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। बैठक में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, समिति के पदाधिकारी आरती श्रीवास्तव, डॉ रविंद्र शर्मा मौजूद रहे ।

राज्यपाल ने रेड क्रॉस की मानवीय सेवा परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि संकट और आपदा की घड़ी में रेड क्रॉस की भूमिका प्रेरणास्पद रही है। उन्होंने पदाधिकारियों से जिले में संचालित स्वास्थ्य, रक्तदान, आपदा राहत और जनजागरूकता से जुड़े अभियानों की रिपोर्ट ली और इन कार्यों को और व्यापक व प्रभावी रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सदस्यता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

रेड क्रॉस के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था नियमित रूप से जरूरतमंदों की सहायता, दवाओं की उपलब्धता, रक्तदान शिविर, तथा स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करती है। राज्यपाल ने सुझाव दिया कि इन सेवाओं को दूरदराज के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों तक भी पहुंचाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

pnn24.in

Recent Posts