National

मध्य प्रदेश: रीवा में 500 करोड़ की लागत से बने हवाई अड्डे की चारदीवारी न झेल पाई एक बारिश, गिरा चारदीवारी का हिस्सा

आदिल अहमद

डेस्क: मध्य प्रदेश के रीवा में 500 करोड़ रुपये की लागत से बने हवाई अड्डे की चारदीवारी का एक हिस्सा बारिश के कारण ढह गया है। इस एयरपोर्ट का शिलान्यास 15 फरवरी 2023 को हुआ था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2024 को वर्चुअल माध्यम से इसका लोकार्पण किया था। इसका निर्माण पिछले साल ही पूरा हुआ था। रिपोर्ट है कि बारिश के कारण दीवार के नीचे की जमीन धंस गई थी। इसके कारण बाउंड्री का एक हिस्सा गिर गया।

एयरपोर्ट से जुड़े अफसर की सफाई भी आई है। उनका तर्क है कि पानी रोकने लिए दीवार नहीं बनाई गई थी। रीवा हवाई अड्डे के लिए सरकार ने लगभग पांच गांवों की 323 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है, जो 99 साल के लिए भारतीय विमान प्राधिकरण को दिया गया है। भोपाल, जबलपुर, खजुराहो, इंदौर और ग्वालियर के बाद ये राज्य का छठा एयरपोर्ट है। इसे डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने लाइसेंस दिया है। ये जिला मुख्यालय से लगभग 12 किमी दूर बना है।

इस एयरपोर्ट पर 2,300 मीटर लंबा रनवे है। वर्तमान में रीवा से भोपाल होते हुए खजुराहो और जबलपुर तक के लिए दो उड़ानें संचालित हो रही हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, रीवा एयरपोर्ट को अगले 50 सालों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अभी केवल 19 सीटों वाले विमान ही यहां से उड़ान भरते हैं। लेकिन आने वाले महीनों में इसे 72 सीटों वाले विमानों तक बढ़ाने की योजना है। लेकिन इस बदलाव के पहले ही एयरपोर्ट की बाउंड्री ढहने की खबर आई है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के मैनेजर नवनीत चौधरी ने कहा है कि ज्यादा बारिश होने के कारण आसपास के इलाके का पानी बाउंड्री से टकराया था। दीवार का वो हिस्सा पानी के दबाव को रोक नहीं पाया। नवनीत ने दलील दी कि बाउंड्री तेज हवा और लोगों को रोकने के लिए बनाई जाती है, पानी को रोकने के लिए नहीं, उसके लिए ये पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि अब इस बाउंड्री को नए तरीके से डिजाइन किया जाएगा। उन्होंने ये भी बताया कि एयरपोर्ट का रनवे पूरी तरह से ठीक है, वहां कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और फ्लाइट ठीक से उड़ रही हैं।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts