उमेश गुप्ता
बिल्थरारोड/बलिया (PNN24 News): उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई, जब एक युवती अपने प्रेम विवाह की मांग को लेकर फिल्मी अंदाज में एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। ससना बहादुरपुर स्थित एमएमडी पब्लिक स्कूल के पास हुए इस अजीबोगरीब वाकये को देखने के लिए मौके पर हजारों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घंटों चले इस जानलेवा ड्रामे के आगे आखिरकार पुलिस और परिजनों को झुकना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उभांव थाना क्षेत्र के ही एक गांव की रहने वाली युवती का स्थानीय एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती अपने प्रेमी से ही शादी करने की जिद पर अड़ी थी, लेकिन उसके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
टावर पर युवती को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही यूपी पुलिस की पीआरवी (डायल-112) और उभांव थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
युवती को नीचे उतारने के बाद उभांव पुलिस दोनों पक्षों (युवती, प्रेमी और उनके परिजनों) को थाने ले गई, जहां दोनों परिवारों के बीच मैराथन काउंसिलिंग की गई।
उभांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक ने ‘PNN24 News’ को बताया कि, “युवती अपने प्रेमी से ही शादी करने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ी थी, जबकि परिवार दूसरी जगह शादी कर रहा था। थाने में दोनों पक्षों के वरिष्ठ सदस्यों को बुलाकर काफी देर तक समझाया गया। अंततः परिजनों द्वारा युवती की इच्छा का सम्मान करने और उचित आश्वासन देने के बाद मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुझला लिया गया है और युवती अपने घर लौट गई है।”
इस घटना के बाद बलिया और आसपास के क्षेत्रों में यह मामला दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय बुद्धिजीवियों और अभिभावकों ने इस प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि युवाओं द्वारा अपनी मांगें मनवाने के लिए मोबाइल टावरों पर चढ़ने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी मोबाइल टावरों के निचले हिस्से में मजबूत जालीदार सुरक्षा घेरा (Fencing) लगाया जाए और सीढ़ियों पर ताला बंद रखा जाए, ताकि अनधिकृत लोग ऊपर न चढ़ सकें।
मुस्कान अंसारी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 13 वर्षों…
तारिक़ आज़मी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): आज 26 नवंबर है— भारतीय इतिहास और…
आदिल अहमद डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी…
तारिक खान डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): संविधान दिवस के अवसर पर आज (गुरुवार,…
रेयाज़ अहमद गाजीपुर (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद गाजीपुर के नन्दगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत…
गौरव जैन कांठ (मुरादाबाद) (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में…