महविश कुरैशी
वाराणसी (PNN24 News): काशी नगरी में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) का दोहरा रवैया और विभागीय कारनामे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। शहर के आम और गरीब उपभोक्ताओं पर दो-चार हजार रुपये के बकाये पर चाबुक चलाने वाला बिजली विभाग, लाखों रुपये दबाकर बैठे रसूखदार बकायेदारों के सामने लाचार नजर आ रहा है। आलम यह है कि खुद विभागीय उच्चाधिकारी (अधिशासी अभियंता) के लिखित आदेश के बावजूद स्थानीय जेई साहब की ‘कृपा’ से 11 लाख से अधिक के बकायेदार की बिजली धड़ल्ले से जल रही है।
पूरा मामला नई सड़क इलाके के बहुचर्चित भवन संख्या C. 1/37-38 का है। इस व्यावसायिक परिसर पर बिजली विभाग का 11 लाख रुपये से भी अधिक का बिल बकाया चल रहा है। बकाये की विशाल धनराशि को देखते हुए विभागीय अधिशासी अभियंता (XEN) कुमार सौरभ ने मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर (JE) हिमांशु कुशवाहा को उक्त परिसर का विद्युत विच्छेदन (कनेक्शन काटने) का स्पष्ट आदेश जारी किया था।
लेकिन आदेश मिलने के बावजूद हफ्तों बीत जाने पर भी कार्रवाई कागजों से बाहर नहीं निकल सकी।
इस मामले पर पत्रकार ए. जावेद ने बिजली विभाग के दोहरे चरित्र और आंतरिक सांठगांठ को उजागर करते हुए बताया कि खुद एक्सियन कुमार सौरभ ने 11 लाख रुपये से अधिक के बकाये पर तुरंत लाइन काटने का निर्देश दिया था, लेकिन जेई हिमांशु कुशवाहा ने इस आदेश को ताख पर रख दिया और कोई कार्रवाई नहीं की।
पत्रकार ए. जावेद का कहना है:
“यही जेई साहब आम और गरीब उपभोक्ताओं का 2 से 4 हजार का बकाया होने पर पूरी मुस्तैदी से उनकी बिजली काट देते हैं और पूरे परिवार को अंधेरे में ढकेल देते हैं। लेकिन जब बात 11 लाख के बाहुबली बकायेदार की आती है, तो साहब का ‘सिस्टम’ सेट हो जाता है। ऐसा लगता है जैसे साहब बकायेदार से कह रहे हों कि ‘आप एक-दो करोड़ की बिजली जला लें, हम गरीबों से वसूली करके अपनी लिस्ट तगड़ी कर लेंगे’।”
सूत्रों की मानें तो संबंधित जेई का कार्यकाल पहले से ही विवादों में घिरा रहा है। विभागीय चर्चाओं के अनुसार, दफ्तर में बैठकर अपनी धाक जमाने वाले साहब का मिजाज इतना तल्ख रहता है कि वे बात-बात में अपने ही लाइनमैनों के साथ सार्वजनिक रूप से अभद्रता और मारपीट तक पर उतारू हो जाते हैं। ऊपर तक ‘मजबूत पहुंच’ के दावों के चलते उन पर कोई उंगली उठाने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।
लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि जब विभाग के उच्चाधिकारी (एक्सियन) के आदेश को ही अधीनस्थ कर्मचारी ठेंगा दिखा देंगे, तो फिर सरकारी राजस्व की वसूली कैसे होगी? PNN24 News बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से यह सवाल पूछता रहेगा कि क्या नियम केवल गरीबों के लिए हैं, या 11 लाख के इस बड़े बकायेदार पर भी डिस्कनेक्शन और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी?
मुस्कान अंसारी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 13 वर्षों…
तारिक़ आज़मी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): आज 26 नवंबर है— भारतीय इतिहास और…
आदिल अहमद डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी…
तारिक खान डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): संविधान दिवस के अवसर पर आज (गुरुवार,…
रेयाज़ अहमद गाजीपुर (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद गाजीपुर के नन्दगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत…
गौरव जैन कांठ (मुरादाबाद) (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में…