Varanasi

वाराणसी: दबंग जूआ माफिया मोनू सिंह की फड पर जाने से कतराती है रोहनिया पुलिस, थाना प्रभारी को भी “मुगालते” में रखते है स्थानीय चौकी इंचार्ज और चौकी के सिपाही

तारिक आज़मी

वाराणसी: थाना रोहनिया क्षेत्र मे दबंग मोनू सिंह के जुआ फड की तस्वीरे कई बार सोशल मीडिया पर वायरल होने के बावजूद भी उसकी सेहत पर कोई असर नही पड़ता है, जिसके मुख्य कारण चौकी इंचार्ज और पुलिस चौकी पर तैनात विशेष सिपाहियों द्वारा थाना प्रभारी को ही मुगालते में रख दिया जाता है। निर्देश मोनू सिंह पर कार्यवाई का मिलता है तो दफ़लपुर गाँव के ही दो चार खलिहरो को पकड़ कर उनका जुआ एक्ट में मोनू सिंह चालान करवा देता है। बरामदगी में एक गड्डी ताश के पत्ते और दो चार हज़ार नगद दिखा देता है। जबकि दफ़लपुर में सब्जी मंडी की तरह बैठी फड अपनी जगह कायम रहती है।

🎲 दोपहर 2 से रात 9 बजे तक करोड़ों का खेल, झांसी से आता है बुकी

फड पर बुकी खुद बैठता है। एक झांसी का निवासी लल्ला यादव है और दूसरा रोहनिया का ही अजय साहू। ज़रूरत पड़ने पर गले में भगवा गमछा पहन कर सत्तारूढ़ दल का सदस्य बताने में पैसा खर्च कहा होता है। सूत्रों की माने तो इस जुआ सिंडिकेट जिसका मुख्य सरगना मोनू सिंह है को संरक्षण स्थनीय चौकी इंचार्ज और चौकी पर तैनात एक सिपाही का मिलता है। फड से संचालको की आमदनी रोज़ की कम से कम 2 लाख रुपये होती है। तो 50 हज़ार रोज़ बाट देने में क्या हर्ज है। रोहनिया के दफलपुर गांव में जुए का यह फड़ तो ऐसे ही सजता रहेगा,

एक सूत्र का दावा है कि मोनू सिंह ने ईनाम रखा हुआ है कि मेरी फड जो बंद करवा देगा उसको 50 हज़ार ईनाम दे दूंगा। वह ऐसे दावे कर सकता है, क्योकि रक्षक के चाबुक का रुख वह दुसरे तरफ मुद्वाने में सक्षम है। थानेदार साहब जब सख्त होते है तो चौकी इंचार्ज मोनू सिंह से कहते है, फिर मोनू सिंह 4-6 खलिहर लोगो को पकड कर चौकी पर जुआ एक्ट में चालान करवा देता है और दो चार हज़ार की बरामदगी दे देता है। ऐसे में आप अगर चौकी के ऊपर लेवल के पुलिस ऑफिसर को इसका दोष देते है तो गलत है।

🎭 जब ‘साहब’ होते हैं सख्त, तो यूं होता है ‘आईवॉश चालान’

अगर हर गली मोहल्ले में थानेदार से लेकर कमिश्नर तक को जाना होगा तो फिर दरोगा लोगो को तनख्वाह किस बात की मिलेगी? जबकि यहाँ करप्शन का असली खेला तो चौकी लेवल पर होता है। दोपहर 2 बजे से सजने वाली इस महफ़िल का अंत रात में 9 बजे होता है। इतने में ही करोड़ो के व्यारे न्यारे हो जाते है। सवाल इस फड का और भी अनसुलझा हुआ है। जिस तस्वीर को आप इस खबर में देख रहे है यह तस्वीर अब से 7-8 महीने पहले वायरल हुई थी। मगर दुसरे दिन ही वायरल तस्वीर का खंडन वही लोग करते हुवे दिखाई दिए जिन्होंने तस्वीर वायरल किया था। इसका मतलब थोडा सर के ऊपर से अगर गुज़र रहा हो तो ठण्ड रखे हम समझा देते है कि इसका मायने क्या हुआ।

🎭 खंडन का ‘ब्रेनवाश गेम’

खंडन जिस प्रकार से तस्वीर वायरल करने वालो ने किया उसका सिर्फ दो मतलब होता है। पहला कि मोनू सिंह से सेटिंग हो गई, और दूसरा मायने होता है कि विभाग के तरफ से कस कर चाप चढ़ गई। इसके अलावा तीसरा कोई मायने नही होता है। रोहनिया थाने के इर्द गिर्द दर्जन से ज्यादा पत्रकार विचरण किया करते है। आप उनसे बात करे तो क्रांतिकारी विचारधारा के होते है और दो मिनट में क्रांति ला देंगे। ‘हम में है दम, दांतों से मिटटी खोदते है हम’ के तर्ज पर दिन भर रोहनिया और मंडुआडीह थाने की परिक्रमा किया करते है। छोटे बैनर से लेकर बड़े बड़े बैनर वाले। अब सवाल ये है कि हम ठहरे ‘कुर्सी तोड्वा’ किस्म के पत्रकार। जब हमको ये खबर पता चल गई। मौके की नजाकत तक देख डाला तो भैया दिन भर उसी इलाके में क्रांति लाने की कसम खाकर बैठे परिक्रमा पत्रकार के आँखों पर पट्टी बंधी है क्या?

🎭 हम कहे साहब, जगदीश शुक्ला के खबर की बेइज्जती हुई तो हमहु करवा ले थोड़ी

एक ठए है जगदीश शुक्ल बाबु, बहुते बढ़िया आदमी है और कर्मकांडी ब्राह्मण है। कल रात को देखा उन्होंने इसके लिए जबरदस्त खबर लगाया था। रोहनिया थाने को भी टारगेट किया था। मगर कल रात में ऊ खबर चलाये और आज दोपहर से मोनू सिंह फिर भी काम करवा रहा है। हम खुदही अपनी अंखिया से देखा साहब। दफ़लपुर में मोनू सिंह अपनी डफली अपना राग कर रहा है। गजब बेईज्ज़ती गुरु खबर की भी हो गई। तो हम सोचा जब शुक्ला जी के खबर की ऐसी बेइज्जती हो गई तो हमहू खबर लिख कर अईसही बेइज्जती करवा कर देखे कैसा लगता है।

क्योकि हमको पता है, इस्पेक्टर राजू सिंह तत्काल फोन करके दरोगा जी को संख्त कार्यवाई का निर्देश देंगे और दरोगा जी दो चार चपडगंजू पकड लेंगे, या फिर लिख देंगे कि ‘आल इज वेल, खबर फर्जी चली है, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।’ इतना लिखने में भी कलम की स्याही का खर्च मोनू सिंह उठा लेगा, भाई 25-30 लाख महीने का कमा रहा है। खर्च करने में क्या हर्ज है? देखिएगा साहब ईहे होगा। तो जुड़े रहे हमरे साथ ईहे होता देखने और पढने के लिए।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts