Special

महफ़िल से निकालकर गज़ल को सड़क और संसद तक ले जाने वाले ‘युगपुरुष’ दुष्यंत कुमार; आज भी अन्याय के खिलाफ क्रांति की मशाल हैं उनके शेर’

तारिक़ आज़मी 

डेस्क PNN24 News: दुष्यंत कुमार (1933–1975) हिंदी साहित्य के आकाश में वह देदीप्यमान नक्षत्र हैं, जिन्होंने हिंदी ग़ज़ल को पारंपरिक रोमानियत के आभामंडल से निकालकर जन-आंदोलन और जन-चेतना की धधकती मशाल बना दिया। स्वतंत्रता के बाद के भारतीय समाज में जब नेहरूवादी समाजवाद का तिलिस्म टूट रहा था, बेकारी, गरीबी, भ्रष्टाचार और सत्ता के निरंकुश चरित्र से आम मानस कराह रहा था, तब दुष्यंत की लेखनी ने उस सन्नाटे को चीरते हुए आम आदमी की पीड़ा, हताशा और उसके आक्रोश को स्वर दिया।

उनसे पूर्व ग़ज़ल का मुख्य सरोकार महफ़िलों की ज़ीनत बनना, ज़ुल्फ़, हुस्न, शबाब और विरह-मिलन के नाजुक एहसासों को अभिव्यक्त करना माना जाता था। परंतु दुष्यंत ने इस स्थापित रिवायत और खांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उन्होंने ग़ज़ल को सीधे सड़क, संसद, गांव, खेत-खलिहान, झुग्गियों और दफ्तरों की कड़वी सच्चाइयों से जोड़ दिया।

सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि और ‘साये में धूप’ का प्रादुर्भाव

दुष्यंत कुमार का रचनात्मक उत्कर्ष 1960 और 1970 के दशकों के उस दौर में हुआ, जब भारत एक गहराते सामाजिक और राजनीतिक संकट से गुजर रहा था। लोकतंत्र के बुनियादी ढांचों पर सवाल उठ रहे थे और आम जनता का व्यवस्था से मोहभंग हो चुका था। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में वर्ष 1975 में उनका प्रसिद्ध ग़ज़ल संग्रह ‘साये में धूप’ प्रकाशित हुआ। इस संग्रह ने हिंदी गद्य और पद्य के पारंपरिक संबंधों को नया आयाम दिया और यह सिद्ध किया कि ग़ज़ल केवल उर्दू की बपौती नहीं, बल्कि हिंदी भाषा की अभिव्यंजनात्मक क्षमता को पराकाष्ठा तक ले जाने वाला सशक्त माध्यम भी है।

उन्होंने इस ठहराव और व्यवस्थागत सड़ांध के खिलाफ आह्वान करते हुए लिखा:

“हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए,

इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए।

आज यह दीवार, परदों की तरह हिलने लगी,

शर्त लेकिन थी कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए।”

ये केवल चंद काव्य-पंक्तियां नहीं हैं, बल्कि यह भारतीय मानस की सोई हुई चेतना पर करारा प्रहार है। यहाँ ‘हिमालय’ व्यवस्था की जड़ता का प्रतीक है और ‘गंगा’ उस क्रान्तिकारी परिवर्तन की, जिसकी अपेक्षा हर शोषित वर्ग कर रहा था।

सत्ता के निरंकुश चरित्र और छलावे पर सीधा आघात

दुष्यंत कुमार की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे किसी राजनीतिक दल या विचारधारा के मोहरे नहीं बने, बल्कि उन्होंने हमेशा जनता के पक्ष में खड़े होकर ‘सत्ता’ के प्रति एक आलोचनात्मक दूरी बनाए रखी। वे राजनेताओं के झूठे वादों, चुनावी प्रलोभनों और ज़मीनी बदहाली के बीच के फासले को बहुत ही बेबाकी और सहजता से बेनकाब करते थे:

“कहाँ तो तय था चिराग़ाँ हर एक घर के लिए,

कहाँ चिराग़ मयस्सर नहीं शहर के लिए।

यहाँ दरख़्तों के साये में धूप लगती है,

चलो यहाँ से चले और उम्र भर के लिए।”

जब लोकतांत्रिक संस्थाएं पंगु होने लगें और आम नागरिक अपने अधिकारों की मांग करने के बजाय व्यवस्था के आगे घुटने टेकने पर मजबूर हो जाए, तब दुष्यंत का यह व्यंग्य भारतीय समाज की लाचारी और प्रतिरोध-हीनता को उजागर करता है:

“न हो कमीज़ तो पाँवों से पेट ढँक लेंगे,

ये लोग कितने मुनासिब हैं इस सफ़र के लिए।

ख़ुदा नहीं न सही, आदमी का ख़्वाब सही,

कोई हसीन नज़ारा तो है नज़र के लिए।”

यहाँ ‘पांवों से पेट ढकना’ आम हिंदुस्तानी की उस सहनशीलता और संतोषी स्वभाव पर चोट है, जिसका फायदा हर युग में शाषक वर्ग उठाता आया है।

निराशा के अथाव सागर में जुझारूपन और उम्मीद का संचार

दुष्यंत केवल व्यवस्था की कमियों को रेखांकित करने वाले या केवल तंज कसने वाले निराशावादी कवि नहीं थे। उनकी शायरी का मूल स्वर प्रतिरोध, जुझारूपन और अदम्य जीवटता का है। वे जानते थे कि कोई भी बड़ा बदलाव रातों-रात नहीं आता; उसके लिए विचारों की चिंगारी का जलते रहना अनिवार्य है।

संघर्ष और सकारात्मकता का संदेश देता उनका यह शेर आज पूरी दुनिया में भारतीय जन-आंदोलनों का मंत्र बन चुका है:

“सिर्फ़ हंगामा खड़ा करना मेरा मक़सद नहीं,

मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।

मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही,

हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए।”

यहाँ ‘आग’ शब्द सामाजिक न्याय, आत्मसम्मान और परिवर्तन की उस अलख का प्रतीक है, जो हर नागरिक के दिल में जलनी चाहिए। दुष्यंत के लिए कविता या ग़ज़ल महज़ एक दिमागी कसरत या बौद्धिक विलास नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की प्रक्रिया का एक अपरिहार्य औजार थी।

भाषा-शैली: हिंदी-उर्दू का सहज और जीवंत लोक-संगम

दुष्यंत कुमार की कालजयी सफलता का एक बहुत बड़ा कारण उनकी भाषा-शैली है। उन्होंने अपनी ग़ज़लों में न तो अत्यधिक क्लिष्ट, तत्समप्रधान या संस्कृतनिष्ठ हिंदी का प्रयोग किया और न ही बहुत ही जटिल, दुरूह फ़ारसी-उर्दू का। उन्होंने उस आमफ़हम, चलते-फिरते लोक-संवाद की भाषा को चुना जिसे एक चाय की दुकान पर बैठा मज़दूर, यूनिवर्सिटी का छात्र और संसद में बैठा नेता—सभी समान रूप से समझ सकें और महसूस कर सकें।

“एक गुड़िया की कई कठपुतलियों में जान है,

आज शायर यह तमाशा देखकर हैरान है।”

उनकी ग़ज़लों में प्रयुक्त शब्द आम जीवन के अनुभवों से उठते हैं, इसलिए वे सीधे पाठक के दिल और दिमाग पर चोट करते हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि भाषा की असली ताकत उसकी शुद्धता के आडंबर में नहीं, बल्कि उसकी सम्प्रेषणीयता और प्रामाणिकता में होती है।

समकालीन संदर्भों में दुष्यंत कुमार की अक्षय प्रासंगिकता

मात्र 42 वर्ष की अत्यंत अल्पायु में 30 दिसंबर 1975 को दुष्यंत कुमार भौतिक रूप से इस संसार से विदा हो गए, लेकिन अपनी लेखनी से वे जो वैचारिक और साहित्यिक विरासत छोड़ गए, उसकी रोशनी समय के साथ और अधिक प्रखर होती गई है।

  • जन-आंदोलनों की आवाज़: आज भी जब कोई छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरता है, किसान अपनी फसलों के उचित दाम के लिए धरना देते हैं, या नागरिक स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आज़ादी की बात होती है, तो दुष्यंत के शेर ही तख्तियों, पोस्टरों, पोस्टरों और गूंजते नारों की जान बनते हैं।

  • सत्ता और नागरिक का संबंध: जब तक समाज में असमानता रहेगी, जब तक गरीबी और बेकारी जैसे मुद्दे कायम रहेंगे, और जब तक सत्ता आम आदमी की आवाज़ को दबाने का प्रयास करेगी, तब तक दुष्यंत कुमार का एक-एक शेर एक ढाल और एक तलवार की तरह काम करता रहेगा।

दुष्यंत कुमार केवल हिंदी के एक महान कवि या ग़ज़लकार भर नहीं हैं, वे आधुनिक भारतीय चेतना के ऐसे ‘युगपुरुष’ और ‘जनकवि’ हैं, जिन्होंने ग़ज़ल को महफ़िल के बंद कमरों से निकालकर जम्हूरियत की खुली हवा में ला खड़ा किया। जब तक इस मुल्क में हक की लड़ाई लड़ी जाएगी, दुष्यंत की आवाज़ हर मोर्चे पर सबसे आगे सुनाई देती रहेगी।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts