अनुराग पाण्डेय
PNN24 News, 20 अक्टूबर 2026: दक्षिण-पूर्व यूरोप के छोटे से देश अल्बानिया में हालात पूरी तरह से बेकाबू हो चुके हैं और स्थिति गृह युद्ध जैसी नजर आ रही है। राजधानी तिराना में लगातार छठे दिन भी हिंसक प्रदर्शन जारी हैं। Gen-Z (जेन-जी) प्रदर्शनकारियों ने देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट की बिल्डिंग में आग लगा दी है, जिससे वहां रखा रिकॉर्ड और फर्नीचर जलकर राख हो गया है।
🔥 क्या है ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ और कैसे भड़का यह आंदोलन?
यह कोई पारंपरिक राजनीतिक पार्टी का आंदोलन नहीं, बल्कि पूरी तरह से Gen-Z युवाओं का स्वतःस्फूर्त विद्रोह है।
- नेतृत्वहीन आंदोलन: इसकी शुरुआत 17 से 25 वर्ष की आयु के हाई स्कूल और यूनिवर्सिटी के छात्रों ने की है। इसका कोई पारंपरिक नेता नहीं है, बल्कि युवा सोशल मीडिया पर ‘फ्लेमिंगो मूवमेंट’ (Flamingo Movement) के बैनर तले एकजुट हुए हैं। विश्लेषकों का मानना है कि इसका पैटर्न नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में हाल ही में दिखे युवा विद्रोहों से मिलता-जुलता है।
- शनिवार की रात का तांडव: शनिवार शाम तिराना के सेंट्रल एरिया में 500 से 700 की संख्या में युवा जमा हुए। भीड़ ने पुलिस पर पत्थर, पेट्रोल बम, मोलोटोव कॉकटेल और पटाखे बरसाए। जवाब में पुलिस को आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इसी गहमागहमी के बीच उग्र भीड़ सुप्रीम कोर्ट के भीतर घुस गई और पहली मंजिल पर आग लगा दी। इसके अलावा संसद भवन पर हमला करने के अलावा बैंक ऑफ अल्बानिया के गेट, पोस्ट ऑफिस और शिक्षा विभाग समेत चार मंत्रालयों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
📌 युवाओं के गुस्से के पीछे दो मुख्य कारण
- शिक्षा और बेरोजगारी का संकट: छात्रों की मूल शिकायतें महंगी कॉलेज फीस, बदहाल हॉस्टल, नौकरियों की भारी कमी और बढ़ती महंगाई से जुड़ी हैं। युवाओं का कहना है कि उनकी पढ़ाई महंगी हो चुकी है और भविष्य पूरी तरह अंधकारमय है।
- पीएम एदी रामा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप: प्रधानमंत्री एदी रामा 2013 से सत्ता में हैं। प्रदर्शनकारियों और विपक्ष का आरोप है कि उन्होंने देश के बेहद खूबसूरत समुद्री तट ‘साजान द्वीप’ (Sazan Island) को अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर (Jared Kushner) की कंपनी को एक लक्जरी रिसॉर्ट बनाने के लिए सौंप दिया है। Gen-Z इसे देश बेचने जैसा कृत्य मान रही है। प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि देश की सुप्रीम कोर्ट भी पीएम को बचाने में लगी है और कोई जांच नहीं कर रही, इसलिए उन्होंने कोर्ट को निशाना बनाया।