Special

रावण दहन के पूर्व लंकापति का आईना दिखाने वाले बयान के साथ तारिक़ आज़मी की मोरबतियाँ; “70 फीट जलने के बाद भी मैं अमर रहूंगा, तुम तो जीते जी मर चुके हो!”

तारिक़ आज़मी

PNN24 News, 20 अक्टूबर 2026: विजयादशमी के पावन पर्व पर हर साल की तरह इस बार भी विशालकाय पुतले जलाने की तैयारियां पूरी हैं। चारों तरफ तालियां गूंज रही हैं, डीजे बज रहे हैं और आतिशबाजी का दौर शुरू होने वाला है। लेकिन इस सबके बीच कल हमारे सपने में आकर खुद लंकापति रावण ने मुझे जमकर डरा दिया, क्योकि सपने में मैंने उससे पूछ लिया कि उसे इन सब आयोजनों से क्या फर्क पड़ता है, तो उसका जवाब बेहद चुभने वाला था और आईना दिखाने वाला था। घंटो रावण का दिया हुआ मुझे भाषण आपको मिनटों के लफ्जों में आपको बताते चलते है:

🔥 “मैं रावण हूँ!”

“आज से लेकर कल शाम तक मेरा 70 फीट का पुतला जलेगा। चारों तरफ पटाखे छूटेंगे, डीजे बजेगा और ‘जय श्री राम’ के नारे गूंजेंगे। मैं यह सब ऊपर से देख कर हँसता रहता हु,… लेकिन फिर जब अचानक मेरी हंसी रुक जाती है तो सोचने लगता हु।

मैं सोचता हु, मैंने अपने जीवन में आखिर ऐसा क्या किया था? एक ही तो कांड किया था— सीता हरण। वो भी तब जब मेरी बहन की नाक काट दी गई थी। हाँ, मेरे अंदर घमंड था, अहंकार था, पर उसकी भी एक मर्यादा (लिमिट) थी। मैंने माता सीता को अशोक वाटिका में रखा, उनकी इच्छा के विरुद्ध उन्हें हाथ तक नहीं लगाया। मैं प्रकांड विद्वान था, शिवभक्त था, चारों वेद मेरे कंठस्थ थे और मैंने सोने की लंका बनाई थी।

और तुम्हारी, हे इंसानों, तुम्हारी क्या स्थिति है?

तुम साल में एक बार मुझे जलाते हो, तालियां पीटते हो, और अगले ही दिन से वही सब भ्रष्टाचार और पाखंड शुरू कर देते हो। मैंने तो सिर्फ एक पराई स्त्री का हरण किया था, जबकि तुम आज रोज हजारों का चीरहरण करते हो, बस फर्क इतना है कि वहां कोई कैमरा नहीं होता। मैंने तो पराई स्त्री को देखकर भी बुरी नजर नहीं डाली थी, लेकिन तुम आज अपनी ही बेटियों को सुरक्षित नहीं छोड़ पाते।

मेरे पास प्रतीक के रूप में दस सिर थे—काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार… लेकिन तुम्हारे पास तो एक ही सिर है और उसमें ये दसों विकारों एक साथ, वो भी 24 घंटे ‘एक्टिव मोड’ पर चलते हैं! मैंने तो अपने सगे भाई कुबेर से लंका छीनी थी, और तुम तो अपने सगे भाई का प्लॉट और जमीन तक हड़प लेते हो। मैं तो काल से भी नहीं डरता था, लेकिन तुम तो एक छोटे से इंश्योरेंस एजेंट और बैंक के लोन से डरते हो। मुझे बुराई का प्रतीक बनाकर तुमने मेरा जितना बड़ा प्रचार कर दिया है, उतनी तो मेरी कोई मार्केटिंग भी नहीं कर सकता था। जितनी बुराई मैंने अपने जीवन में नहीं फैलाई, उससे ज्यादा पोस्टर तुम मेरे नाम पर छाप देते हो।

मैं तो अजर-अमर हूँ। हर साल जलता हूँ और अगले साल फिर जिंदा हो जाता हूँ। मैं रामायण में हूँ, टीवी के परदे पर हूँ, हर व्हाट्सएप स्टेटस पर हूँ, हर इंसान के दिमाग में, लालच में, रिश्वत, दलाली, चोरी, डकैती और आतंक में मौजूद हूँ। इतने पाप तो मैंने अपने पूरे जीवन में किए भी नहीं होंगे, जितने आज तुम रोज गिनवाते हो—और उसके बाद बड़े आराम से भगवान राम का नाम पुकारने लगते हो!

लेकिन तुम? तुम तो मर्त्य (नश्वर) हो। एक बार इस दुनिया से गए तो हमेशा के लिए गए। लेकिन अपने कर्मों का हिसाब कहाँ दोगे?

मंदिर के बाहर से जूते-चप्पल चुराने वाली तुम लोगो ने तो मंदिर का दान तक चुरा डाला, दान पेटी में हाथ डालना, खाने-पीने की चीजों में मिलावट करना, और रिश्वत के दम पर अपनी तिजोरी भरना—और फिर शाम को नशे में चूर होकर मेरा पुतला जलाकर कहना कि ‘बुराई पर अच्छाई की जीत हो गई’।

अरे सच-सच बताना, आज जीत किसकी हुई? तुम्हारी या मेरी?

मैं तो जलकर भी अमर हूँ। लेकिन तुम लोग तो जीते जी कब के मर चुके हो, बस समाज के सामने तुम्हें फूंकना बाकी है!”

यही नहीं रावण ने अपने चिर परिचित अंदाज़ में कहा ‘धिक्कार है तुम पर’, मेरे शासन काल में लंका के अन्दर किसी बहन बेटी का बलात्कार नहीं हुआ, आज तुम जैसे पत्रकार लोग बलात्कार की घटनाओं को भी ‘रनिंग स्टोरी’ का नाम देते हो और पुतला मेरा फूकते हो, धिक्कार है………’

गुरु लंका नरेश ने इसके बाद इतनी जोर से हंसी निकाली कि मेरी नींद खुल गई, देखा काका अपनी लठ लिए खड़े है और कह रहे है

‘चल रे बबुआ, बारेका का रावण दहन देखे जाना है रे बबुआ, आज ऊ रावण के फुक कर आयेगे, ससुरा बहुते उपद्दर किये रहा अपने समय में, भले खुद के अन्दर का रावण हम लोग न फुके मगर ऊको आज फुक दिया जायेगा.’

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts