Special

कम पढ़े लिखे अब्दुल की पढ़ी लिखी बेटी कमरुनिया की कलम से: ‘गुड खाए, गुलगुले से परहेज़ — और संस्कारों का अंडा…..!

महविश कुरैशी 

आज आटे और गुड़ का प्रसाद देखा। गुलगुला था—कहीं-कहीं इसे किसी शुभ अवसर पर प्रसाद के रूप में बनाया जाता है। सामने आया तो चख लिया। आखिर प्रसाद था, मना कैसे करते?

लेकिन गुलगुले को देखते-देखते मन में एक पुरानी कहावत घूम गई—

“गुड़ खाए और गुलगुले से परहेज़!”

बस, यहीं से विचारों की गाड़ी निकल पड़ी।

यह कहावत सिर्फ गुलगुले तक सीमित नहीं है। हमारे समाज में ऐसे उदाहरणों की कोई कमी नहीं, जहाँ इंसान चीज़ का नाम बदलकर अपने सिद्धांत भी बदल लेता है। मिसाल के तौर पर कुछ लोग बड़े गर्व से कहते हैं—

“मैं शाकाहारी हूँ। हमारे घर में मांस-मछली का नाम तक नहीं लिया जाता।”

लेकिन उसी बातचीत के बीच अगर पूछा जाए कि अंडा?

तो जवाब आता है—

“अंडा? अरे वो तो अलग है!”

और फिर शुरू होता है तर्कों का ऐसा महाभारत कि सामने वाला सोचने लगता है कि शायद आज तक विज्ञान, धर्म, दर्शन और ब्रह्मांड—सबका अंतिम ज्ञान इन्हीं के पास था और दुनिया बेवजह किताबें पढ़ती रही।

बीस अंडे खा लीजिए, मगर घोषणा यही रहेगी—

“हम तो प्योर वेजिटेरियन हैं!”

अब इस पर बहस कौन करे?

क्योंकि तर्क सामने आएँगे तो ऐसे-ऐसे कि अंडा बेचारा खुद सोचने लगे कि उसकी जीवनी में इतने गुण कहाँ से आ गए!

कभी उसे “पवित्र” साबित किया जाएगा, कभी “प्राकृतिक”, कभी “संस्कारी”, तो कभी उसकी सफेदी को देखकर उसे ब्रह्मचर्य का प्रतीक तक बना दिया जाएगा।

बस, एक कमी रह जाती है—उसे भगवा वस्त्र पहना कर सन्यासी घोषित करना!

और फिर वही लोग किसी दूसरे के भोजन को देखकर संस्कारों की पूरी पाठशाला खोल देंगे।

मज़ेदार बात यह नहीं कि कोई क्या खाता है।

मज़ेदार बात यह है कि हम अपने लिए नियमों की किताब अलग रखते हैं और दूसरों के लिए वही किताब लाल पेन से सुधारते रहते हैं।

अगर अंडा खाते हैं, तो खाइए।
अगर नहीं खाते, तो मत खाइए।
जिसे जो उचित लगे, वह अपनी पसंद और मान्यता के अनुसार जीवन जिए।

लेकिन किसी चीज़ को खाने के बाद यह कहना कि—

“हम तो उसे खाते ही नहीं!”

यहीं से व्यंग्य पैदा होता है।

क्योंकि सवाल गुलगुले का नहीं है,
सवाल अंडे का भी नहीं है,
सवाल ईमानदार होने का है।

कम पढ़े लिखे “अब्दुल” की पढ़ी लिखी बेटी “कमरुनिया” (महविश कुरैशी)

अपने हिस्से का गुड़ खाकर दूसरे के गुलगुले पर उंगली उठाने से पहले एक बार अपनी थाली देख लेना चाहिए।

कहीं ऐसा न हो कि सामने वाला भी मुस्कुराकर पूछ बैठे— “महोदय, गुड़ आपका है… मगर गुलगुला किसका है?”

pnn24.in

Recent Posts