Varanasi

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में BLW रेलकर्मी बरी; वाराणसी कोर्ट ने संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त किया’

शफी उस्मानी

वाराणसी (PNN24 News): शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के वर्षों पुराने मामले में आरोपित डीरेका (बनारस रेल इंजन कारखाना) के रेलकर्मी को वाराणसी की अदालत से बड़ी राहत मिली है। अपर जिला जज (सप्तम) विकास श्रीवास्तव की अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के अवलोकन के बाद आरोप सिद्ध न होने पर आरोपित रेलकर्मी को संदेह का लाभ देते हुए बरी (दोषमुक्त) करने का आदेश दिया।

अदालत में बचाव पक्ष (आरोपित) की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव, बृजपाल सिंह यादव ‘गुड्डू’ एवं नरेश यादव ने प्रभावी ढंग से पक्ष रखा।

📜 क्या था पूरा मामला?

अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता ने 23 सितंबर 2020 को पुलिस अधीक्षक को एक प्रार्थना पत्र दिया था।

  • आरोप का विवरण: पीड़िता का आरोप था कि मिर्जामुराद के ठठरा गांव का रहने वाला जितेंद्र कुमार राही उसके भाई का दोस्त था और गांव में क्रिकेट खेलने आता था। वर्तमान में वह रेलवे में ग्रुप डी का कर्मचारी है।

  • शादी का झांसा: पीड़िता का दावा था कि जब वह 17 वर्ष की थी, तब से आरोपित उसे शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म करता रहा।

  • धमकी का आरोप: शिकायत के मुताबिक, 20 अगस्त 2020 की रात करीब 9 बजे आरोपित पुनः उसके घर पहुंचा और शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने 13 अक्टूबर 2020 को संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित जितेंद्र कुमार राही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

⚖️ अदालत का फैसला: साक्ष्य और गवाही के आधार पर बरी

अदालत में विचारण (Trial) के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से पीड़िता सहित कुल 5 गवाहों के बयान दर्ज (परीक्षित) कराए गए।

अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने, पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों तथा गवाहों के बयानों का गहन अनुशीलन करने के बाद पाया कि आरोपित के खिलाफ संदेह से परे आरोप सिद्ध नहीं हो रहे हैं। इसके आधार पर कोर्ट ने ठठरा, मिर्जामुराद निवासी जितेंद्र कुमार राही को सभी आरोपों से बरी करने का फैसला सुनाया।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts