Varanasi

नन्हे रोज़ेदारों का बुलंद हौसला: 6 साल के ज़ुहैब आज़मी और 9 साल की हया आज़मी ने रोज़ा रख कर साबित किया ‘इबादत के लिए उम्र नहीं, अकीदत और जज्बा ज़रूरी है’

मो0 सलीम

वाराणसी (PNN24 News): रमज़ान-उल-मुबारक का मुकद्दस महीना अपनी तमाम बरकतों और रहमतों के साथ जारी है। इस पाक महीने में जहाँ बड़े इबादत में मशगूल हैं, वहीं मासूम बच्चों में भी खुदा की राह में भूख और प्यास की शिद्दत बर्दाश्त करने का गजब का उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में वाराणसी के वरिष्ठ और प्रख्यात पत्रकार तारिक आज़मी के घर खुशियों की दोहरी सौगात आई है।

मासूमों की ज़िद और रूहानी खुशी रविवार को तारिक आज़मी के 6 वर्षीय साहबजादे ज़ुहैब आज़मी और 9 वर्षीय साहबजादी हया आज़मी ने अपनी उम्र की परवाह न करते हुए अपना पहला रोज़ा मुकम्मल किया। बताया जा रहा है कि दोनों मासूम बच्चे सहरी के वक्त ही रोज़ा रखने की ज़िद पर अड़ गए थे। वालिदैन (माता-पिता) ने बच्चों के जज्बे को देखते हुए उन्हें रोज़ा रखने की इजाजत दी। पूरे दिन सब्र और शुक्र के साथ बच्चों ने अपना रोज़ा पूरा किया।

वालिद का फख्र और दुआएं बच्चों के इस रूहानी सफर पर उनके वालिद तारिक आज़मी ने दिली मुबारकबाद पेश करते हुए कहा:

“सहरी के समय ही बच्चों के चेहरों पर रोज़ा रखने की खुशी साफ झलक रही थी। बच्चों का दीन की राह पर चलना और सब्र का इम्तिहान देना उनकी जिंदगी की बड़ी कामयाबी है। मैं उनके बेहतर मुस्तकबिल के लिए दुआगो हूँ।”

शायर रिदा पलियावी ने दी मुबारकबाद मशहूर शायर रिदा पलियावी ने बच्चों को दुआओं से नवाजते हुए कहा कि इन मासूमों ने साबित कर दिया है कि रोज़ा रखने के लिए उम्र की नहीं, बल्कि हिम्मत और हौसले की ज़रूरत होती है। यह उन लोगों के लिए भी एक सबक है जो रोज़ा न रखने के बहाने तलाशते हैं।

इफ्तार पर दिखा जश्न का माहौल शाम को इफ्तार के वक्त घर का माहौल नूरानी हो गया। नन्हे रोज़ेदारों की हौसला अफजाई के लिए PNN24 न्यूज़ टीम के सदस्य फारूख हुसैन, शफी उस्मानी, मो. सलीम सहित तारिक खान, आदिल, उमेश, नीलोफर बानो और आफताब जैसे शुभचिंतकों ने बच्चों को खिराज-ए-तहसीन पेश किया और उनके नेक मुस्तकबिल की कामना की।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts