तारिक खान
कौशांबी (PNN24 News): उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे मौत का एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के चक्कर में एक एलपीजी (LPG) गैस टैंकर डिवाइडिंग लेन से टकराकर पलट गया। टक्कर होते ही टैंकर से भीषण गैस रिसाव शुरू हुआ और एक जोरदार धमाके के साथ पूरी गाड़ी आग के शोलों में तब्दील हो गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में टैंकर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 5 टोल कर्मी बेहद गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
हादसा इतना भीषण था कि आग की गगनचुंबी लपटों और काले धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 30 मिनट की भारी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर लोहा हो चुका था।
शुरुआती अफवाहों में कहा गया था कि चालक कूदकर भाग गया है, लेकिन आग बुझने के बाद जब रेस्क्यू टीम टैंकर के केबिन के भीतर पहुंची, तो वहां चालक की केवल हड्डियां और कंकाल का कुछ हिस्सा ही बरामद हो सका। चालक का पूरा शरीर जिंदा जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।
मौके पर मौजूद टोल कर्मचारी संजय निर्मल ने बताया कि हादसे से करीब 10 मिनट पहले हल्की-फुल्की बारिश हुई थी। तभी अचानक करीब 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रहा टैंकर धड़ाम से पलट गया। गैस लीक होते ही आग ने भयानक रूप ले लिया और टोल प्लाजा से सटे स्टाफ यार्ड और टॉयलेट परिसर तक फैल गई। इस आग की चपेट में आकर यार्ड में पार्क की गई टोल कर्मचारियों की 16 मोटरसाइकिलें और 2 कारें जलकर राख का ढेर बन गईं। इस दौरान टॉयलेट के पास मौजूद सुपरवाइजर आलोक पांडे भी आग की चपेट में आने से झुलस गए।
कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (SP) सत्यनारायण प्रजापत ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि हादसे की चपेट में आने से कुल 7 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 5 टोल कर्मचारियों की हालत बेहद नाजुक है।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था और सिहोरी टोल प्लाजा के पास किसी अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। हादसे के वक्त सुरक्षा कारणों से हाईवे के दोनों तरफ ट्रैफिक को रोक दिया गया था, जिससे बसों और कारों की लंबी कतारें लग गई थीं। आग पूरी तरह बुझने के बाद अब यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है। घटना के सटीक कारणों और तकनीकी पहलुओं की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) और फायर-एक्सपर्ट्स की तकनीकी टीम को मौके पर बुला लिया गया है।
मुस्कान अंसारी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में 13 वर्षों…
तारिक़ आज़मी डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): आज 26 नवंबर है— भारतीय इतिहास और…
आदिल अहमद डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी…
तारिक खान डेस्क (PNN24 News, 26 नवंबर 2026): संविधान दिवस के अवसर पर आज (गुरुवार,…
रेयाज़ अहमद गाजीपुर (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद गाजीपुर के नन्दगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत…
गौरव जैन कांठ (मुरादाबाद) (PNN24 News, 25 नवंबर 2026): जनपद मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र में…