Varanasi

वाराणसी के जैतपुरा में बेखौफ हिस्ट्रीशीटर: खाकी की नाक के नीचे खुला जुए का नया ‘कसीनो’

ज़ारा अंसारी

वाराणसी के दो थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर हिस्ट्रीशीटरों ने जुए का नया अड्डा खोल दिया है। खाकी की लाचारी और 50 करोड़ के फाइनेंसर का सच जानिए।

बनारस में मौसम चाहे कोई भी हो, लेकिन यहाँ की कुछ चुनिंदा गलियों का ‘सिस्टम’ कभी नहीं बदलता। कहने को तो पुलिस की गश्त 24 घंटे जारी रहती है, लेकिन शातिर अपराधियों के लिए नए-नए फड़ (अड्डे) सजाना कोई बड़ी बात नहीं रह गई है। इस बार तो हद ही हो गई—शहर के दो नामी हिस्ट्रीशीटरों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए जुए का एक ऐसा नया और गोपनीय फड़ चालू कर दिया है, जिसकी चर्चा पूरे शहर में गर्म है।

कौन हैं इस नए ‘कसीनो’ के नए आका?

सूत्रों की मानें तो इस नए जुआ सिंडिकेट के पीछे दो बड़े चेहरे हैं। दोनों शातिरों ने इस बार अपने काले कारोबार के लिए चौकाघाट के निकट हुकुलगंज के एक घर को ठिकाना बनाया है।

बॉर्डर का खेल: जैतपुरा बनाम लालपुर-पांडेयपुर

​इसके पीछे एक बहुत बड़ी राजनीतिक और पुलिसिया रणनीति है। यह मकान जैतपुरा और थाना लालपुर-पांडेयपुर का बॉर्डर इलाका माना जाता है। जब भी इस ठिकाने पर आंच आएगी, तो खेल बहुत सीधा होगा—जैतपुरा पुलिस गेंद को लालपुर-पांडेयपुर के पाले में डाल देगी और लालपुर-पांडेयपुर पुलिस उसे जैतपुरा के पाले में सरका देगी।

निक्की जायसवाल, 50 करोड़ का कारोबारी और 1 करोड़ का दांव!

जैतपुरा पुलिस की लाचारी का आलम यह है कि वे अकेले निक्की जायसवाल जैसे जुआ माफिया पर ही लगाम नहीं कस पा रहे हैं। निक्की का दबदबा जैतपुरा क्षेत्र में आज भी वैसा ही है जैसा सालों पहले था।

जब भी पुलिस से सवाल पूछा जाता है, तो एक ही घिसा-पिटा और तयशुदा जवाब मिलता है— “हम लगातार दबिश दे रहे हैं, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकलने में कामयाब हो जाता है।”अब इस ‘भाग निकलने’ के पीछे पुलिस की नाकामी है या फिर रेड से ठीक पहले मिलने वाली कोई ‘गुप्त सूचना’, यह तो बनारस के अड़ी पर चाय की चुस्कियां लेते लोग भी अच्छी तरह समझते हैं।

कब जागेगा प्रशासन?

​एक तरफ जहाँ बनारस का आम नागरिक और छोटा व्यापारी रोजी-रोटी के लिए पुलिस के नियमों और चालानों के चक्कर काटता रहता है, वहीं दूसरी तरफ हिस्ट्रीशीटर और बड़े कारोबारी मिलकर करोड़ों का जुआ खुलेआम चला रहे हैं। जैतपुरा पुलिस की ‘दबिश’ की फाइलें भले ही कागजों में मोटी हो रही हों, लेकिन धरातल पर यह ‘कसीनो’ बदस्तूर जारी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या वाराणसी के पुलिस कप्तान का चाबुक इस संगठित सिंडिकेट पर चलेगा, या फिर जैतपुरा में ‘दबिश और बॉर्डर’ का यह पुराना नाटक यूँ ही चलता रहेगा?

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts