National

“3 साल बाद भी क्यों लागू नहीं हुआ कानून?”— महिला आरक्षण पर किरेन रिजिजू के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार, बिना शर्त लागू करने की मांग’

आदिल अहमद

नई दिल्ली (PNN24 News): महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की टिप्पणी पर तीखा पलटवार किया है। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पहले ही इस कानून का पूर्ण समर्थन कर चुकी है और अब गेंद सरकार के पाले में है कि वह बिना किसी परिसीमन की शर्त के इसे तुरंत लागू करे।

🗣️ राहुल गांधी का पलटवार: “आपसे बेहतर कौन जानता होगा रिजिजू जी”

किरेन रिजिजू के सोशल मीडिया पोस्ट का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने एक्स (X) पर लिखा:

“रिजिजू जी, संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते आपसे बेहतर यह कौन जानता होगा— कांग्रेस के पूर्ण समर्थन के साथ महिला आरक्षण विधेयक साल 2023 में ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। सवाल यह है कि तीन साल बाद भी वह लागू क्यों नहीं हुआ और अब आप उसे परिसीमन से बेवजह क्यों जोड़ना चाहते हैं? साल 2023 का क़ानून लागू कीजिए… बिना किसी शर्त के।”

💬 किरेन रिजिजू ने क्या कहा था?

इससे पहले, राहुल गांधी द्वारा भारत में महिलाओं की स्थिति को लेकर जारी एक वीडियो को शेयर करते हुए किरेन रिजिजू ने तंज कसा था। रिजिजू ने लिखा था:

“यह कांग्रेस पार्टी की ओर से एक सकारात्मक संदेश लगता है। महिलाओं को लेकर राहुल गांधी जी के रुख में स्पष्ट बदलाव दिखाई दे रहा है। अब उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का बिना किसी शर्त के समर्थन करेगी।”

📹 “भारत में महिलाओं की क्षमता पिंजरे में बंद है”— राहुल गांधी

दरअसल, विवाद की शुरुआत राहुल गांधी द्वारा शुक्रवार को शेयर किए गए एक वीडियो संदेश से हुई थी, जिसमें उन्होंने भारतीय समाज में महिलाओं की स्थिति और पितृसत्तात्मक सोच पर खुलकर बात की थी।

राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में कहा:

  • पिंजरे में बंद क्षमता: “मुझसे महिलाओं के मुद्दे पर एक सवाल किया गया था, जिसका मैंने जवाब दिया। लेकिन उसके बाद से मैं इस पर गहराई से विचार कर रहा हूं। मुझे लगता है कि भारत में महिलाओं की क्षमता पिंजरे में बंद है। उन्हें ख़ुद को ज़ाहिर नहीं करने दिया जाता और कल्पना करने से भी रोका जाता है।”
  • पितृसत्ता से आजादी: “कोई भी देश महिलाओं पर अंकुश लगाकर आगे नहीं बढ़ सकता। इस देश में जो राजनीति होनी चाहिए, उसमें लोगों को समझाने की ज़रूरत है कि महिलाओं को अपनी बात रखने का मौक़ा दें। महिलाओं को घर पर अपने विचार रखने, सड़कों पर आज़ादी के साथ चलने और पितृसत्ता व नियंत्रण से आज़ादी मिलनी चाहिए।”
pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts