Categories: Morbatiyan

तारिक़ आज़मी की मोरबतियाँ: ज़हर है कि इलाज है दवा का पर्चा, जेब पर डाका है दवा का पर्चा

तारिक़ आज़मी

आज की मेरी बाते पढने के पहले हम डिस्को लेमर (डिस्क्लेमर) अर्थात साफ़ साफ़ बताते चले कि ‘ढेर पंचायत ई मामला में करेगे तो आईएमए वाले घरवा पर चढ़ कर पटक कर कूट देंगे।’ तो ईहे बदे तनिक मद्धिम आवाजिया में पढियेगा। नहीं तो हमारे काका की हमारे लिए जो कहावत है वह चरितार्थ हो जाएगी कि ‘बतिया है कर्तुतिया नाही।’ देखे गुरु आईएमए से तनिक डराए के हमहू लिख रहे है। हम तो इतना ही डराए भये है कि काका हमका कलम की कसम न दिए होते तो कलम के वापस अलमारी में रख दिया होता। अब काका की दी हुई कलम है। अलमारी में रखने का मतलब है कि दुई लाठिया पड़ेगी।

ई कलमिया के लिए हुआ कुछ ऐसा रहा कि मेरा “बथर डे” (अंग्रेज्जन वाला बर्थ डे) रहा अऊर काका हमारे बहुते खुश हो गये थे। काहे कि काकी कहिन रहा उनके कि ‘बबुआ के उसकी पसंद का गिफट (गिफ्ट) देना तो काका हमारे कद्दू में तीर मारते हुवे ई 700 रुपईया का कलम का दिहिन गुरु कुफत हो गई है। जब देखो तब कलमे की कसम दिया करते है। ‘ई करो, कलम की कसम’ ‘उ करो, कलम की कसम’। अब काका के का बताये कि जऊंने मुद्दा पर लिखे के लिए ऊ हमसे फरमान जारी किये है, आईएमए दौड़ा-दौड़ा कर पीट सकता है। मगर काका ने फरमान जारी किया तो लिखना हमारी मज़बूरी है।

बात कुछ इस तरह है कि आज सुबह-सुबह काका की महफ़िल जमी थी, मामूर के अनुसार खर्पत्तु यादव च और हाजी पनारू च के साथ मुमताजो च रहे। ई तीनो लोग फिलहाल काका के त्रिदेव है और इनके बल पर रोज़ काका कलिंग विजय करने के लिए शतरंज की बिसात बिछा लेते है। ख़ास तौर पर पनारू च और काका इस शतरंज की बिसात के मुख्य खिलाड़ी है और खर्पत्तु यादव च और मुमताज च मूकदर्शक है जो सिर्फ चाय की चुस्की और बीडी के साथ देखते रहते है।

वैसे काका अधिकतर पनारू च को हरा देते है, उसका मुख्य कारण है कि काका का घोडा बीच-बीच में “अढाई घर के जगह साढ़े तीन घर” की चाल भी मार देता है जिसको पनारू च देख नहीं पाते है।

बहरहाल, रोज़ तो शतरंज की बिसात पर हो “सदन” जैसा हो हल्ला रहता है। मगर आज “राजघाट” जैसी शांति बिखरी थी जो बेहद खल रही थी। वैसे काका और काकी में चाहे जितना वाकयुद्ध हो मगर हमारी काकी बड़े मोम दिल की है, और काका का ख्याल पुरा रखती है। सुबह सुबह हमको चाय की कप थमाते हुवे जगाया और कहा कि

‘ए बबुआ, आज पता नहीं का बात है, तुम्हारे काका की महफ़िल जमी है मगर अभी तक तुम्हारे काका का घोडा एक घंटा से ऊपर हो गया साढ़े तीन घर नहीं चला है। बड़ी ही शांति है।’

शांति और काका की महफ़िल में सुन कर हमारी नींद बिना चाय के ही भाग गई। मगर नींद को तसल्ली देने के लिए हमने काकी की बनाई हुई गुड की चाय गटकी और ब्रश करके मुह पर पानी मार कर सीधे काका की महफ़िल में जा पहुचे।

महफ़िल पुरे शबाब पर थी जिसमे खरपत्तू यादव च, मुमताज च और पनारू च थे। शतरंज की बिसात भी थी और कलिंग फतह की तैयारी भी थी। मगर काका की महफ़िल की रंगीनी जो इन हमारे बुजुर्गो के चेहरे की ठहाके वाली हंसी थी गायब थी। ऐसा लग रहा था कि सभी “राजघाट पर शांति सभा” में बैठे है। सबके चेहरे पर परेशानी के भाव मुझे बेचैन कर रहे थे। आखिर मैंने सबके आगे चाय परोसी। सबने चाय पिया, मगर काका ने अपने चिर परिचित अंदाज़ में मुझसे रजनीगंधा नहीं माँगा, बल्कि मेरे खुद के देने पर उन्होंने शांति के साथ ग्रहण कर लिया और फिर शांत बैठ गए। अब मुझे काका की ही नही उनके पुरे महफ़िल की तबियत ख़राब होने की आशंका होने लगी। आखिर मैंने पूछ ही डाला कि माजरा क्या है? उन्होंने जो माजरा बताया तो बड़ा तफ्सीली माजरा था, जिसको मैं आपको तनिक शार्ट कट में बताता चलता हु।

मामला कुछ ऐसा था कि मुमताज च की मेहरारू (पत्नी) की तबियत ख़राब थी। “खजुली वाली कालोनी” में एक बड़े रसमलाई छाप बड़े डाक्टर के यहाँ चच्ची को जमा (एडमिट) कर रखा था। डाक्टर ने Ticogen 400mg इंजेक्शन जो लूपिन कंपनी का है और जिसकी एमआरपी 3100 है और  vosicoz 200mg इंजेक्शन जो ग्लेनमार्क फार्म का है और जिसकी एमआरपी 3800 के करीब है लिखा है।

एक दिन में 7 हज़ार के करीब का सिर्फ यह दो इंजेक्शन पड़ रहा था और “खजुली वाली कालोनी” के बड़का रसमलाई डाक्टर ने साफ कह रखा है कि दवा हमारे मेडिकल स्टोर से लेना तभी ‘शिफा’ मिलेगा नहीं तो “करिया भुत” पकड़ लेगा। आखिर में बजट शार्ट पड़ गया है और चच्ची को कही और दिखाने की सोच लिया।

फिलहाल रिफर जामिया अस्पताल में करवा लिए है, खर्पत्तू च के एक रिश्तेदार डाक्टर है। वो देखेगे।

हमने अपने मोहल्ले की रौनक इन चारो बुजुर्गो के चेहरे पर परेशानो को दूर करने के लिए कहा कि खर्पत्तू च के रिश्तेदार ‘डाक्टर को मैं जानता हु, मेरे अच्छे परिचय है। आप कहे तो हम खुद बात करते है उनसे।’ मुमताज च के चेहरे पर रौनक देख कर लगा कि शायद मेरी दवा काम कर गई। मैंने तुरंत डाक्टर साहब को फोन मिलाया और पूर्व परिचय के वजह से उन्होंने मुझे पूरी वास्तु स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन वही दोनों लगेगा, आप होलसेल मंडी से ले लो सस्ता पड़ेगा। डाक्टर की यह बात सुनकर वापस हमारे मोहल्ले की चारो रौनक इन बुजुर्गो के चेहरे की हवाई उड़ गई। भाई साफ बात तो ये है कि रोज़ 7 हज़ार खर्च कहना बहुत आसान होता है। मगर ये रकम एक मायने रखती है। गुरु सही बताये डाक्टर की बात सुनकर तो मेरी भी ज़मीन वाली ज़मीन हिली थी कि ई का हुआ गुरु ? एकदम्मे तबियत सुन्न पड़ गई कि होल सेल मंडी में बहुत होगा 10-12 फीसद कम होगा दाम।

मैंने खुद को बाद में और चारो बुजुर्गो को पहले दिलासा दिया। काका की “सुनसान कब्रस्तान” जैसी हो चली आँख को देख कर मेरा दिल ऐसा खड्डे में जा रहा था जैसे बाइक वाराणसी नगर निगम के सडको पर खड्डे में कूद जाती है।

फिर हमने अपने एक मित्र जो फार्मासिस्ट है उनसे संपर्क किया। मेरे बचपन के दोस्त है तो आदत भी मेरे जैसी ही है कि सुबह 11 के पहले नही होती है। मेरा फोन देख कर उन्होंने फोन उठाया और कहा ‘अबे सूरज कहा से निकला है, ई 9 बजे भोर में फोन किये हो।’ स्पीकर आन होने के वजह से सबने उसकी बाते सुनी और हमको भी अपनी बेइज्जती ख़राब होती हुई दिखाई दी तो मैंने भी उससे कहा कि ‘और बताओ क्या हाल चाल है।’ मगर ससुरा है तो मेरा ही दोस्त मेरे ही अंदाज़ में बोल पड़ा ‘अबे इतनी सुबह तुम हाल चाल के लिए फोन नहीं किये हो, काम की बात पर आओ।’

अब तो गुरु गजब बेईज्ज़ती जैसी बात हो गई थी। मैंने सीधे मुद्दे की बात किया और दोनों इंजेक्शन का नाम बताते हुवे कहा कि ‘ठीक है, ठीक है, ये बताओ कि मुझे Ticogen 400mg इंजेक्शन जो लूपिन कंपनी का है और जिसकी एमआरपी 3100 है और  vosicoz 200mg इंजेक्शन जो ग्लेनमार्क फार्म का है और जिसकी एमआरपी 3800 के करीब है, कितने का पड़ेगा।’ उसका जवाब सुन कर मेरे पैर के नीचे की ज़मीन और सर के ऊपर का आसमान एक मिनट के लिए गायब हो गया। उसने सबसे पहले अपनी नींद भगाया और फिर कहा ‘किसको फंगल हो गया है।’ मैंने कहा ‘मेरी चच्ची है।’ फिर उसको पूरी बात बताया तो जोर से हँसता हुआ बोला कि ‘सब कमाने का लोगो का तरीका है। दोनों इंजेक्शन कुल 1200 के लगभग पड़ेगा तुमको।’ यानि जो दवा 7 हज़ार की है वह महज़ 1200 रूपये कि सुनकर तो मेरे होश फाख्ता हो गये।

zअब मेरे अन्दर का पत्रकार जाग चूका था। मैंने उससे पूछा कि ‘अबे इतना फर्क ? कही डुप्लीकेट तो नहीं दे रहे हो।’ वह दुबारा हंसा और बोला ‘नहीं ओरिजिनल है, सुनो डाक्टर के यहाँ जिस विन्फ्लाम के लिए तुम 75 रूपये से लेकर 150 रूपये तक देते हो, उसकी होलसेल सप्लाई महज़ 8-12 रूपये की है। दवाओं के कारोबार में “सब गंदा है, पर धंधा है ये” के तर्ज पर खेल चलता है। ये तो मैंने दाम असली एक्सपायरी वाला बताया है। अक्सर अस्पतालों के फार्मेसी पर शोर्ट एक्सपायरी दवाये होती है, यानि ऐसी दवाये जिनकी एक्सपायरी बहुत कम महीने बची है। इसका दाम एमआरपी के 10-15 फीसद ही होता है। यानि 100 की दावा का बहुत हुआ तो 15 रुपया ही होता है। खेल बड़ा होता है ये। मगर इसके खिलाड़ी सब ऊँची पकड वाले रहते है। कोई कुछ नही कर सकता है।’

मैंने कहा ‘तो फिर ये आईएमए क्या कर रहा है ? क्या सिर्फ डाक्टर को ही प्रोटेक्ट करता है?’ उसने कहा ‘देखो जिसकी संस्था है उसके भलाई के लिए काम करेगी। संस्था के खिलाफ मत जाना भारी पड़ेगा। बहरहाल तुमको जब दवाये चाहिए होगी मंगवा लेना। दाम मेरी खरीद का ही लगेगा परेशान न हो और इसमें अपनी पत्रकारिता मत दिखाना, भारी पड़ सकता है, मुसीबत झेलना पड़ेगा।’ यह कहकर उसने फोन बाय बाय करते हुवे काट दिया। मगर मेरे काका और उनके तीनो दोस्त पूरी बाते सुन रहे थे।

काका ने अपनी ऐनक को नाक के ऊपर चढाते हुवे कहा

‘अरे बबुआ, तनिक रजनीगंधा दे तो।’ मेरे जान में जान आई कि काका जो गायब हो चुके थे दुबारा मिल गए है। मैंने जेब से रजनीगंधा का पाऊच देते हुवे कहा ‘काका अब तो समस्या समाप्त हुई, इसी के यहाँ से दवा मंगवा लेना और खर्पत्तु च का रिश्तेदार डाक्टर भी काबिल डाक्टर है। इलाज हो जायेगा।’

मगर काका ने जो ‘हम्म’ कहते हुवे अगला लफ्ज़ फरमान जारी करते हुवे कहा वह वाकई मुझे हिला गया और असमंजस में डाल गया है।

काका ने कहा ‘हम्म….! मगर एक गो बात सुन तुझे बबुआ तुम्हारी कलम की कसम है, लिखना इसके ऊपर ज़रूर, नही तो लाठिया के लिए तैयार रहना।’ अब काका को कैसे समझाए कि एक ड्रग माफिया शुभम जयसवाल से टकराने पर दुई महीना फर्जी मुकदमा में जेल झेला है। यहाँ तो पुरे सिस्टम से टकराना है।

तो भाई ‘आईएमए के पदाधिकारियों आप दिल पर बात मत लेना भाई, ई काका है उनके कहने से कसम देने से इतना लिख दिया हु, वर्ना दुश्मनों की अम्मा की कसम मैं तो आप लोगो का भक्त हु। आप लोग देश हित में काम कर रहे है।

मैं साबित कर सकता हु कि आप लोग देश हित में काम करते है। देखिये न देश की आबादी कितनी बढ़ गई है और गरीबी भी बहुत ज्यादा है। तो ऐसे सस्ती दवाओं को महंगे में बेचना देश हित में है। कम से कम गरीब बिना इलाज के सीधे यमलोक निकल लेंगे। ऐसे में गरीब कम होंगे तो गरीबी भी कम होगी और देश की आबादी भी कम होगी। आप लोग वाकई देश हित में काम कर रहे है। आप करते रहिये। मेरे लिखने से क्या होता है ? अरे हमारे काका तो खुदही कहते है कि ‘बतिया है कर्तुतिया नाही।’

बस वही सोच कर आप लोग भी पढ़ लेना। ठीक है भाई डाक्टर साहब लोग, आप लोग तनिक भी बुरा मत मानना भाई। मैं आपके साथ हु। अगली बार बताना मैं आपका चरण चुम्बक बन कर आपके पादुका पूजन का कार्यक्रम भी कवर कर लूँगा और मस्त खबर लिखूंगा। एकदम चिपकू पत्रकार जैसा। आप ज़रा भी टेंशन न लेना। इस बार थोडा असली सच और खेल लिख दिया। आप समझिये काका की कसम थी न, वरना दुश्मनों की माँ कसम मैं आप लोगो के खिलाफ तो जा ही नहीं सकता हु।

Tariq Azmi (तारिक आज़मी)

मैं तो कहूँगा कि आप 100 रुपये की दवा का दाम दस हज़ार कर दे। खूब खाये। आखिर दुनिया में आये किस लिए है ? लाखो रुपईया खर्चा करके आखिर डिग्री क्यों लिया है आप लोगो ने ? कमाने के लिए ही न तो कमाओ भी कमाओ, गरीब मर जाता है मर जाने दो। ऐसे ही तो गरीबी भी खत्म होगी। न रहेगा गरीब और न रहेगी गरीबी। जय महिष्मती  डाक्टर साहब लोगन…..!

pnn24.in

Recent Posts