Morbatiyan

तारिक़ आज़मी की मोरबतियाँ: मुह्रोनोचवा और चोटी कटवा की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद बनारस में लॉन्च हुआ ‘गुरु असली तेंदुआ’; काका की डांट और हमारे ढाई सौ ग्राम मांस की पूरी कहानी!’

तारिक़ आज़मी 

वाराणसी (PNN24 News): भई, मुह्रोनोचवा (Muhnochwa) और चोटी कटवा (Choti Katwa) की बंपर सफलता के बाद अब हमारे अपने शहर बनारस (Banaras) में अफवाहबाजी के तमाम सिकंदरों के लिए एक एकदम ताज़ा-तरीन और सुपरहिट मरहला पेश है। जनता की भारी डिमांड पर अब शहर में आ गया है— ‘गुरु असली तेंदुआ’!

पिछले दिनों एक तेंदुआ भाई साहब कैंट स्थित सेंट मेरी स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में खुद को इस अदा से कैद करवा रहे थे कि मानो कह रहे हों— ‘गुरु तनिक गौर से सब लोगन तक हमारो फोटुआ भेज दो भाई!’ मगर क्या करते, उसी बीच एयर शो (Air Show) की कवरेज दिखाने के लिए शहर का पूरा मीडिया बेचैन रहा। पत्रकार लोग भी सोच-विचार में थे कि चलो भाई, दो-तीन दिन फुर्सत पाकर इस तेंदुए भाई के दर्शन करा दिए जाएंगे।

कछु हमारे जैसे भी तनिक ढेर बहादुरी दिखाने वाले पत्रकार रहे, जो तुरंत छाती फुलाकर दिखा दिए कि देखो भाई, तेंदुआ आ गया है! गुरु, बच-बच कर रहो। मगर जब हमहू ठंडे पड़े तो तेंदुए साहब को आ गया गुस्सा। अब उनको भी मीडिया फुटेज चाहिए तो चाहिए! बस फिर क्या था, अब सोशल मीडिया पर उनकी एक से बढ़कर एक फुटेज वायरल हो रही है। भाई, जब मुह्रोनोचवा सुपरहिट हुआ, चोटी कटवा ने धूम मचाई, तो ई तो ठहरा असली तेंदुआ! इसकी सफलता तो तय थी ही।

🐯 जब काका ने सुबह-सुबह दी ‘तेंदुआइन’ वाली वार्निंग

अब किस्सा यह है कि हमारे एक मित्र ने सुबह-सुबह हमारे काका को तेंदुए का फोटो चिपका दिया और बोले— ‘देखिए शहर मे तेंदुआ घूम रहा है!’ बात यहीं खत्म नहीं हुई, साहब ने तो यहां तक कह दिया कि तेंदुआ अकेले नहीं आया है, अपनी मेहरारू यानी ‘तेंदुआइन’ को भी साथ लेकर आया है।

बस फिर क्या था, सुबह-सुबह काका ने हमारा जीना हराम कर दिया। बोले— ‘ए बबुआ! तू जो भूत की तरह देर रतियाँ तक सड़क पर टहलते रहते हो न, संभल जाओ। तेंदुआ आ गया है अपनी मेहरारू के साथ। कहीं ऐसा न हो कि अपनी मेहरारू की डिनर पार्टी में तोहे ही न सटका ले! चुपचाप हली-हली घर आओ और कमरा चौचक बंद करके सूत जाओ।’

हमने भी काका को तुरंत ढांढस बंधाया। हमने कहा— ‘काका, अगर तेंदुआ अपनी मेहरारू के साथ आया है, तो हो सकता है उनकी नई-नई शादी हुई हो और वे हनीमून टूर पर निकले हों! खुद-बुद फुर्सत पाकर निकल लेंगे।’ फिर हमने ज्ञान दिया— ‘और अगर आपके कहे मुताबिक खजुरी कॉलोनी की तरफ गया है, तो वहां तो पहले से हमारे पुराने परिचित ‘मुह्रोनोचवा’ और ‘खूनचूसवा’ बैठे ही हैं। तेंदुए को अगर डिनर करना ही होगा, तो मुर्दे का खून चूसने वाले का डिनर करे। हमारे शरीर में रखा क्या है? तीन पाव गोश्त, एक किलो हड्डी और ढाई सौ ग्राम खून! इतना तो तेंदुआ चाय के साथ नाश्ते में उड़ा देता होगा। आप फिक्र मत करिए काका, अगर हम कभी तेंदुए से मिले, तो उसे मुह्रोनोचवा और खूनचूसवा का पता बता देंगे कि भाईसाहब, असली आइटम उधर है, उनके पास जाओ!’

🦴 तशरीफ़ पर पड़ा काका का डंडा मगर मेरे दिल की इंसानियत कायम है…!

बस, हमारा इतना बोलना ही था कि काका का एक हाथ हमारी पीठ पर पड़ा और उनका लाठी वाला प्यार सीधे हमारी ‘तशरीफ़’ की हड्डी तक उतर गया! अब भाई, ढाई सौ ग्राम मांस के साथ हड्डियां भी दुखी हैं तो क्या किया जाए। वैसे गुरु, हम ठहरे इंसानियत के दिल वाले आदमी। कोई मुर्दाखोर तो हैं नहीं कि मुर्दा लाश के बदले 55 हज़ार वसूलें, और न मिलने पर फर्जी मुकदमा दर्ज करवा दें!

हम तो बस यह सोच रहे हैं कि मुह्रोनोचवा और चोटी कटवा की अपार सफलता के बाद अगर हमारे शहर की सड़कों पर तेंदुआ ऐसे ही टहलता नजर आ रहा है और यह बात सौ फीसदी सत्य है, तो चिंता की असल बात यह है कि पिछले हफ्ते भर से बेचारा बनारस में सिर्फ घूम-घूमकर दिख रहा है, खा क्या रहा है भाई? भूखा तो होगा नहीं!

तो देखो भाई, अगर शहर में चलते-फिरते किसी को तेंदुआ दिखाई दे, तो उससे तनिक पूछ लेना कि— ‘भईया, भूखे तो नहीं हो? मेहरारू के साथ आए हो कि अकेले घूमने निकले हो? अगर पेट खाली है, तो मकबूल आलम रोड के पास हमारे पुराने दोस्तों से मिल लो, पेट एकदम भर जाएगा!’

pnn24.in

Recent Posts