बलिया के प्रमुख समाचार अंजनी राय के साथ

कैबिनेट मंत्री ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण 
50 बेड व डिजीटल एक्स-रे मशीन लगाने हेतु पहल का दिया आश्वासन
बलिया । रसड़ा नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्वास्थ्य केन्द्र के सभी वार्डों सहित ओपीडी में भ्रमण कर स्थिति का निरीक्षण किया। जिसमे ओपीडी कक्षों में तैनात डाक्टरों से वार्ता कर मरीजों की संख्या तथा उपचार के सम्बंध में जानकारी के साथ ही एक्स-रे कक्ष सहित अन्य सम्बंधित संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।  

स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई पर नाराजगी जताया तथा कहा कि साफ-सफाई व स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान दें तथा ऐसी गलती की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने 50 बेड व आधुनिक तकनिकी का डिजीटल एक्स-रे मशीन लगाने के लिए शासन सरकार से पहल करने के लिए आश्वासन दिया। उन्होंने डाक्टरों के साथ हुए दुर्व्यवहार की निंदा की तथा कहा कि इस सरकार में अब से कोई भी डाक्टरों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार करता है तो सीधे शासन को लिखे। सत्यता पाये जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने डाक्टरों से कहा कि अपने कर्त्तव्यों का पालन करते हुए मरीजों को सही देखरेख व उपचार करें तथा जहां तक सम्भव हो बाहर की दवा न लिखे तथा उन्हें अस्पताल से ही दवा उपलब्ध करायी जाये। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भासपा के कार्यकर्तागण भी मौजूद रहे।                         
टेम्पों पलटने से चालक की मौत
बलिया। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पिपरा ढ़ाला के समीप टेंपो पलटने से चालक धर्मेंद्र    यादव (27) निवासी अड़रा थाना दुबहड़ की मौत हो गई। 
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र यादव सोमवार को दोपहर में टेंपो चलाकर शहर से दुबहड़ जा रहा था कि अचानक पिपरा ढाले के समीप अनियंत्रित होकर टेंपो सड़क के नीचे पलट गया। चालक टेंपो के अंदर दब गया। पलटने की आवाज सुन कर आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंच गए और चालक को किसी तरह बाहर निकाला गया। घायल चालक को ग्रामीणों के सहयोग से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।                        
फर्जी ढंग से स्वयं को अध्यक्ष घोषित करने वाले के विरूद्ध हो कार्रवाई
बलिया। गोंड समुदायों की पंजीकृत महासभा अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा जिसका राष्ट्रीय स्तर का केन्द्रीय कार्यालय नौ बनवारी लाल राय रोड, प्रथम तल पिलखाना जिला हाबड़ ‘पं0 बंगाल‘ में है कि जनपद शाखा बलिया के पदाधिकारियों का निर्वाचन इस संस्था के नियम द्वितीय के अधीन गत 30 अप्रैल 17 को टाउन हाल के लघु सभागार में वार्षिक सम्मेलन आयोजित करके किया गया। 
नगर पंचायत बैरिया निवासी आनंदशंकर गोंड, जिलाध्यक्ष व ग्राम बड़सरी निवासी रामानंद को जिलामंत्री चुना गया। इस महासभा का जिलाध्यक्ष पद पर कृष्णबिहारी बैरिया निवासी स्वयं को घोषित करने फर्जी ढंग से अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा पंजी0 सं0 403 का दुरूपयोग करके जिला प्रशासन व उ0प्र0 लखनऊ से अवैधानिक व्यवहार जो कर रहे है, इनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करने की मांग जिला प्रशासन व उ0प्र0 शासन से विधि सम्मत अध्यक्ष आनंद शंकर गोंड ने की है।                        
सर पर ईंट गिरने से युवती घायल, गंभीर
बलिया। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बसारीकपुर में सोमवार को दोपहर में छत पर रखा ईंट एक युवती के सर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वाले इलाज हेतु उसे बलिया ले गए। 
जानकारी के अनुसार गांव के मुन्द्रिका यादव की पुत्री सुमन यादव (20) दोपहर में मकान के आंगन में बैठी थी। उसी समय छत पर सजा कर रखा गया ईंट अचानक किसी प्रकार उसके सर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वाले इलाज हेतु सुमन को सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचाए जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।                         
नियमानुसार ही छात्रों से ली जाय फीस : रमेश सिंह
बलिया। जनपद के समस्त प्रधानाध्यापक/प्रधानाध्यापिका राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालय, समस्त डिग्री, पालीटेक्निक, आईटीआई, मदरसा, आलिया एवं उच्च आलिया मदरसें, सीबीएसई, आईसीएसई मदरसा व अन्य बोर्ड के विद्यालयों के प्रबन्धक/प्रधानाचार्या को सूचित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह ने कहा है कि वे मानक के अनुसार नियमानुसार छात्र/छात्राओं से फीस लेना सुनिश्चित करें। यदि किसी संस्था पर बोर्ड के मानक से अधिक फीस ली जाती है तो उनके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जायेगी, जिसके लिए आप व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होगें।                        
डीजल के अभाव में 108 एंबुलेंस सेवा हुई ठप 
बलिया। डीजल के अभाव के चलते 108 एंबुलेस सेवा 12 घंटे से पूरी तरह ठप हो गयी है। सीएचसी रेवती से रेफर होने के बाद रविवार की सायं 6 बजे से एबुलेंस का इंतजार में शनिचरी देवी 70 साल अस्पताल के बेड पर पड़ी हुई है। मरीज के पुत्र वधु सीमा द्वारा फोन करने पर केवल यह बताया जा रहा है कि गाड़ी उपलब्ध नही है। वैसे स्थानीय अस्पताल में मौजूद चालक को इस मरीज को बलिया ले जाने के लिए कंट्रोल से आइडी भी प्राप्त हुआ लेकिन ड्राइवर ने तेल की बात किया तो कंट्रोल भी शांत हो गया। तेल न होने के चलते रविवार से अब तक दो आइडी फेल हो चुकी है। 
108 एबुंलेस के डिस्ट्रीक क्वाडिनेटर सर्वेश कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह 9 बजे मरीज को जिला अस्पताल में शिफ्ट कराया गया। उन्होंने बताया कि सर्वर की समस्या के चलते चालक का कार्ड अपडेट न होने से समस्या उत्पन्न हुई थी जिसका समाधान कर लिया गया है।                         
धांधली के विरोध में ग्रामीणों ने किया धरना प्रदर्शन
प्रधानमंत्री आवासीय योजना में गड़बड़ी का लगाया आरोप
बलिया। सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों सभा लीलकर के सैकड़ों ग्रामीणों ने नवानगर ब्लाक परिसर में लीलकर ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े पैमाने पर ग्राम प्रधान व एडीओ पंचायत के द्वारा की गई धांधली के विरोध में एक धरना प्रदर्शन किया।
आरोप लगाया कि कुछ आवास के लिए कुछ ऐसे नाम शामिल किए गए हैं जो उस गांव के निवासी नहीं है। उन्होंने उचित करवाई की मांग किया तथा एडीओ एसएमआई को एक शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें एडीओ एसएमआई  ने आश्वासन दिया कि हुई धांधली के खिलाफ जांच करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।              
रिश्ते में भाई ने बालिका के साथ किया दुष्कर्म
मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 10 वर्षीय बालिका के साथ रिश्ते में भाई द्वारा किया गया दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने बालिका की मां की तहरीर पर  धारा 376 आईपीसी  एवं 3/4 पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में सरगर्मी से जुट गयी है। बालिका की मां ने स्थानीय थाने में तहरीर दिया है कि मैं किसी कार्य से रामगढ़ गयी थी। करीब 11 बजे मेरे नंदोई का लड़का हमारे घर आया तथा घर में अकेली मेरी 10 वर्षीय पुत्री से दुष्कर्म किया। मेरे वापस लौटने पर मेरी पुत्री खून से लदफद बेहोशी की हालत में अपने घर में पड़ी थी। करीब एक घंटा पश्चात होश आने पर लड़की द्वारा आप बीती बताया गया। पुलिस ने पीड़ित बालिका को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया।                         
वित्तीय साक्षरता शिविर का हुआ आयोजन
एनयूएलएम योजना अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों को दिया गया प्रशिक्षण
बलिया। जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा से नामित संस्था पूर्वांचल ग्रामीण विकास संस्थान लखनऊ के सौजन्य से सोमवार को अपर जिलाधिकारी मनोज सिंघल की अध्यक्षता में एनयूएलएम योजना अन्तर्गत स्वयं सहायता समूह का प्रशिक्षण एवं उनके वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन हुआ।
आर्य समाज रोड स्थित जेजे कॉम्लेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी समूहों के सदस्यों को समूह गठन व उसके उद्देश्य, समूहों को फंड दिए जाने तथा उनको बैंक द्वारा सीसी लिमिट कराए जाने के साथ उनके वित्तीय साक्षरता के बारे में बताया गया। समूह को वित्तीय मामले में कैसे आगे बढ़ाया जाए इसके बारे में संस्था के प्रतिनिधि एवं वहां उपस्थित बैंक के अधिकारी ने उपस्थित सभी महिलाओं को बताया। समूह की महिलाओं द्वारा वित्तीय मामलों से संबंधित जानकारी से जुड़े प्रश्न पूछे गए जिसके जवाब भी बताए गए। शिविर में परियोजना अधिकारी अमरदेव सिंह चौहान, विनय कुमार गौतम, विवेक सिंह, शिवानी कश्यप एवं संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।                        
गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं की दे जानकारी : सुरेन्द्र सिंह
कृषक जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित हुआ भव्य किसान मेला 
बलिया। कृषि सूचना तंत्र एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड मुरलीछपरा के ग्राम पंचायत वाजिदपुर में सोमवार को विकास खंड स्तरीय भव्य किसान मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक बैरिया सुरेंद्र सिंह ने किसानों से कहा कि तमाम कृषि यंत्र और सुविधाएं आप के घर तक आईं है। योजनाओं का लाभ उठायें। अधिकारियों से कहा कि  गांव-गांव जाकर किसानों को जानकारी दें।
मेले में आयोजित गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिक डॉ पंकज कुमार ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य सुधार के विषय में विस्तृत जानकारी दी। किसानों से अपील किया कि मिट्टी में कार्बनिक खाद का ज्यादा प्रयोग करें। शस्यविद डॉ वेद प्रकाश ने किसानों को धान और मक्का की आधुनिकतम तकनीक तथा एसआरआई पद्धति, ड्रम सीडर से धान की सीधी बुवाई और संकर धान की खेती के बारे में आधुनिक गुर सिखाया।
मेले के नोडल अधिकारी उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी पीयूष राय ने किसानों को कृषि विभाग की तमाम योजनाओं की जानकारी दी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, किसान पारदर्शी सेवा योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान आदि तमाम योजना को विस्तार से बताया। पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ हेमंत कुमार ने किसानों को पशुधन विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। पशुओं में बांझपन निवारण के बारे में भी विस्तार से बताया। कृषि रक्षा विशेषज्ञ डॉ गोपाल जी यादव ने किसानों को खरीफ फसलों में फसल सुरक्षा विषय पर जानकारी दिया। हरिशंकर ने किसानों को फसल उत्पाद के मूल्य संवर्धन के विषय में बताया। अमिताभ उपाध्याय ने किसानों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे मेले के आयोजक उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी संजेश श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।                        
आयोजित हुआ जीएसटी जागरूकता अभियान के तहत कार्यशाला
जीएसटी से जुड़ी विधिक प्रक्रियाओं की लोगों को दी गयी जानकारी 
बलिया। जुलाई से प्रस्तावित जीएसटी के दृष्टिगत वाणिज्य कर विभाग द्वारा जीएसटी जागरूकता अभियान के क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम की अध्यक्षता में एक कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें व्यापारी, अधिवक्ता, चार्टर्ड एकाउन्टेन्ट्स, समस्त शहरी जनसेवा केन्द्रों के प्रतिनिधियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से जीएसटी पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। जीएसटी पोर्टल पर प्रॉविजनल आईडी या पासवर्ड का प्रयोग करते हुए डाटा माइग्रेशन के डिजिटल प्रक्रिया को दिखाया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि एक जुलाई से लागू हो रही वस्तु एवं सेवा कर प्रणाली (जीएसटी) का उद्देश्य माल एवं सेवाओं की आपूर्ति पर कर की समान व्यवस्था लागू करना व कॉमन नेशनल मार्केट स्थापित करना है। इसके बारे में विस्तृत जानकारी सभी व्यापारियों व सम्बन्धित अधिवक्ताओं को दी और उनकी जिज्ञाषाओं को दूर किया।
कार्यशाला में जीएसटी से जुड़ी विधिक प्रक्रियाओं जैसे पंजीयन, रिटर्नों का दाखिला, समाधान योजना, आईटीसी, कर के भुगतान की प्रक्रिया व रिफण्ड आदि से सम्बन्धित जिज्ञाषाओं का समुचित समाधान किया गया। उपस्थित व्यापारियों से अपेक्षा की गयी कि 15 जून तक प्रत्येक दशा में जीएसटी पोर्टल पर इनरोलमेन्ट की प्रक्रिया को पूर्ण कर लें। जिलाधिकारी ने भी कार्यशाला में उठाई गयी प्रत्येक समस्या का समुचित समाधान के तरीके बताये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मनोज सिंघल, डिप्टी कमिश्नर केके श्रीवास्तव, ईडीएम अभिजात सिंह, उपायुक्त वाणिज्य कर आनन्द कुमार राय, जयन्त कुमार सिंह, विवेक कुमार, दिलीप प्रियदर्शी, वाणिज्य कर अधिकारी के अलावा सीए ईश्वरन अग्रवाल, सौरभ माहेश्वरी व व्यापारीगण उपस्थित रहे।

हमारी निष्पक्ष पत्रकारिता को कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त रखने के लिए आप आर्थिक सहयोग यदि करना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें


Welcome to the emerging digital Banaras First : Omni Chanel-E Commerce Sale पापा हैं तो होइए जायेगा..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *