देखे वायरल वीडियो : लखनऊ में दरोगा को सरे राह दबंगों ने पीटा, वो माफ़ी मांगता रहा मगर दंबंगो ने उसकी बेल्ट उतरवाई और बिल्ले नोचे

ए0 जावेद
प्रदेश में पुलिस का इक़बाल कम होता जा रहा है। पुलिस के साथ मारपीट, गाली-गलौज, धक्का-मुक्की जैसी घटनाए आम होती जा रही है। कभी थाने में तो कभी सडको पर इस तरीके के घटनाओं के वीडियो अकसर वायरल हो रहे है। ऐसा लगता है जैसे पुलिस का इक़बाल ही ख़त्म होता जा रहा है। ताज़ा मामला लखनऊ के निराला नगर का है। जहाँ पीलीभीत से आये एक दरोगा को वर्दी में ही बीच सड़क पर दबंगों ने थप्पड़ मारे, उसके बिल्ले नोचे और बेल्ट उतरवाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
घटना के सम्बन्ध में मिली जानकारी के अनुसार, पीलीभीत में तैनात दरोगा विनोद कुमार कुछ सरकारी कार्य हेतु अपनी व्यक्तिगत कार से लखनऊ आये हुए थे। जब वो हसनगंज थाना क्षेत के निराला नगर से होकर गुजर रहे थे, तभी एक बाइक को बचाने के चक्कर में उनकी गाडी की टक्कर एक अन्य गाडी से हो जाती है। वहां एक होटल में शादी समारोह भी था। उनकी गाडी की टक्कर होने के बाद शादी समारोह से निकलकर दर्जन भर युवको ने उन्हें घेर लिया। दरोगा विनोद कुमार गाडी से बाहर निकलकर उन युवको से माफ़ी मांग रहे थे मगर दबंगों ने उनकी एक न सुनी।












