नशे में धुत कार सवार ने माँ-बेटी को रौंदा, बेटी की हुई मौत, माँ की स्थिति गम्भीर

मो0 कुमेल
डेस्क. उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में सोमवार दोपहर नशे में धुत कार सवार दंपती ने सड़क पर परिवार के साथ खड़ी मां-बेटी को रौंद डाला। टक्कर मारने के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी। एक महिला कार में फंस गई, जिसे आरोपी करीब 100 मीटर दूर घसीटकर ले गया। शोर मचाने पर किसी तरह आरोपी ने कार रोकी।

पुलिस के मुताबिक पायल अपने परिवार के साथ दक्षिण दिल्ली के छतरपुर इलाके में रहती थी। करीब डेढ़ साल पूर्व इसकी शादी रोहित चौटाला नामक युवक से हुई थी। रोहित प्राइवेट नौकरी करता है। रविवार को पायल की चचेरी बहन की शादी थी। परिवार गली नंबर-3, काली घाट, वजीराबाद में रहता है। पायल भी अपने पूरे परिवार के साथ आई हुई थी।
सुबह करीब 11 बजे पायल पति व परिवार के बाकी सदस्यों के साथ घर जाने के लिए निकली। इस बीच वह अपनी मां उर्मिला व परिवार के बाकी सदस्यों के साथ गली के बाहर आकर खड़ी हो गई। पायल का पति रोहित नजदीक से ऑटो लेने चला गया। इस दौरान पुश्ते की ओर से आई स्विफ्ट डिजायर कार ने पायल व उसकी मां उर्मिला को रौंद डाला।











