अयोध्या: धर्म की नगरी में खेल रही थी मासूम लुकाछिपी, तभी आया दरिंदा राजन और दबोच ले गया मासूम को वीराने में, आरोपी राजन चढ़ा पुलिस के हत्थे

मो0 कुमेल
अयोध्या: अयोध्या में मासूम के साथ दरिंदगी प्रकरण में एक आरोपी की शिनाख्त कर पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजन बताया जा रहा है जो भंडारे में टेंट लगाने आया था। बताते चले कि अयोध्या में कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला बैरागपुरा में बुधवार रात करीब 9:30 बजे एक छह वर्षीय मासूम बच्ची खून से लथपथ मिली थी। इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार रात आरोपी राजन, बच्ची को दबोच कर सुनसान जगह पर ले गया। मासूम के चीखने पर आसपास के लोग उस तरफ गए। तब तक दुराचारी बच्ची को छोड़कर भाग निकला था। लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया किंतु वह हाथ नहीं आया। बालिका को श्रीराम चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस इस वक्त आरोपी से पूछताछ कर सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है।











