भाजपा की जीत की ख़ुशी मनाने और मिठाई बांटने वाले युवक को पड़ोसियों ने पीट-पीट कर मार डाला

आफ़ताब फारुकी
कुशीनगर। भाजपा की जीत ख़ुशी मनाने और मिठाई बांटने वाले युवक को उसके पड़ोसियों ने पीट-पीट का रमार डाला। मामला यूपी के कुशीनगर का है जहाँ पर 30 वर्षीय बाबर को उसके पड़ोसियों ने भाजपा पक्ष में वोट देने और जीत की ख़ुशी में मिठाई बांटने के कारण उसको पीट-पीट कर मार डाला। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला में पीट-पीटकर युवक की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। साथ ही सीएम योगी जांच के आदेश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि रामकोला थानाक्षेत्र के गांव कठघरही निवासी 30 वर्षीय बाबर को भाजपा के पक्ष में वोट देने और क्षेत्रीय विधायक पीएन पठाक की जीत पर गांव में मिठाई बांटने और पटाखे फोड़ने पर उसके पड़ोसियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई थी। शनिवार की रात शव गांव लाया गया।
रविवार सुबह आठ बजे परिजन शव को घर के दरवाजे पर रखकर एसडीएम को बुलाने की मांग करने लगे। करीब छह घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम कसया वरुण कुमार पांडेय ने पीड़ित परिवार को आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक ने पीड़ित परिवार के बच्चों के पढ़ाई का जिम्मा लेते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। एसओ डीके सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली गईं है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।












