उत्तराखंड: नदी के तेज़ बहाव में बह गई पर्यटकों की कार, 9 लोगो की हुई मौत

आफ़ताब फारुकी
डेस्क: आज शुक्रवार की सुबह उत्तराखंड के रामनगर में बड़ा हादसा हुआ। सुबह रामनगर के ढेला नदी के रापटे में पर्यटकों की कार तेज बहाव में बह गई। पर्यटक पंजाब के पटियाला निवासी बताए गए हैं। कार में सवार दस लोगों में नौ की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार रामनगर की सरकारी अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय पुलिस व अग्निशमन दल मौके पर मौजूद है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त में जुटी है।

कार को नदी से निकालने के लिए क्रेन को मौके पर बुलाया गया है। मृतकों में तीन युवक व छह महिलाएं शामिल हैं। घायल युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है, अभी वह सदमे में है। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पर्यटक पटियाला पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो ढेला के रिसॉर्ट में आए थे और सुबह लौट रहे थे।











