गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे को मिली अग्रिम ज़मानत

आदिल अहमद/तौसीफ अहमद
प्रयागराज: कानपुर के बिकरू कांड के मुख्य साजिशकर्ता गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गैंगस्टर विकास दुबे की पत्नी ऋचा की अग्रिम जमानत मंजूर कर ली है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे की धोखाधड़ी के एक मामले में अग्रिम जमानत मंजूर कर लिया है। यह आदेश जस्टिस सुरेश कुमार गुप्ता की सिंगल बेंच ने ऋचा दुबे की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई के बाद दिया। हाईकोर्ट ने यह आदेश ऋचा दुबे के अधिवक्ता प्रभाशंकर मिश्र व सरकारी वकील की दलीलों को सुनकर दिया।

गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू गांव में 2 जुलाई 2020 की आधी रात को घात लगाकर किए गए हमले में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को कुख्यात अपराधी विकास दुबे और उसके गुर्गों ने अंजाम दिया था। इतनी बड़ी घटना होने से देश-प्रदेश में हड़कंप मच गया था। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए विकास दुबे और उसके कई गुर्गों को मुठभेड़ में एक-एक कर मार गिराया था।











