नई दिल्ली: मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, 2.8 डिग्री लुढका पारा

तारिक़ खान
नई दिल्ली: लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठण्ड से जनजीवन काफी परेशान है। लोग ठण्ड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे है, मगर ठण्ड इतनी भीषण है कि उसके आगे कुछ असर नहीं कर रहा है। वही भीषण ठण्ड से लोग अपने घरो से निकलने के लिए भी कतरा रहे है। उत्तर पश्चिमी दिशाओं से चल रही बर्फीली हवाओं की वजह से गुरुवार को दिल्ली का पारा कई पहाड़ी क्षेत्रों से नीचे चला गया। आज सुबह दिल्ली के लोधी रोड पर तापमान 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह आज दिल्ली की सुबह सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। वहीं सफदरजंग में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार बर्फीली हवाओं के कारण दिल्ली का तापमान गिर रहा है। अगले तीन से चार दिनों तक दिल्ली में घने से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिनभर शीतलहर चलने का अनुमान जताया जा रहा है। विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली का जाफरपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं एनसीआर क्षेत्र में भी तापमान में गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान एनसीआर के गाजियाबाद में 12.9 डिग्री, गुरुग्राम में 15 डिग्री और फरीदाबाद में 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।











