पटना: तेज धमाके के साथ हुआ जबरदस्त हादसा, पिकअप वैन और स्कूली बस में टक्कर होने से चालकों की हुई मौत

गोपाल जी
पटना: आज शुक्रवार को पटना में बेली रोड फ्लाईओवर पर तेज़ धमाके के साथ एक खतरनाक हादसा हुआ। फ्लाईओवर पर स्कूल की मिनी बस और पिकअप वैन की सीधी टक्कर से अफरातफरी मच गई। घटनास्थल पर जाम लग गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद जब लोग गाड़ी के पास पहुंचे तो पिकअप वैन के ड्राइवर की मौके पर मौत हो चुकी थी। मिनी बस साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल की है। सुचना मिलने पर घटनास्थल पर शास्त्रीनगर थाना की पुलिस पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य कर रही है। स्कूल वैन में सवार लोगों के बारे में स्कूल प्रबंधन अभी जानकारी नहीं दे रहा है। घटनास्थल से इन्हें सीधे फ्लाईओवर के नीचे स्थित IGIMS ले जाया गया है।

शास्त्री नगर थाना अध्यक्ष भी इतना ही बता पा रहे हैं कि पिकअप वैन और स्कूली बस की सीधी टक्कर में पिकअप वैन के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उपचालक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि स्कूली बस साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल की थी और उसमें सवार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।











