उफ़ ये लालच: दोस्तों ने ही बहा दिया दोस्त का खून, शव को बोरे में भरकर कुएं में फेंका

अजीत कुमार
लखनऊ: लखनऊ के मोहनलालगंज के हुलासखेड़ा गांव से कार समेत एक फरवरी से लापता कार मालिक का शव बुद्धवार की सुबह कुएं से बरामद हुआ है। कार मालिक राम अचल की हत्या कर हत्यारों ने शव बोरी में भरकर कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने हत्या में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्यवाही कर रही है।

हिरासत में लिए गए आरोपियों ने बताया कि जिस दिन वह लापता हुआ था उसी दिन रामअचल की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट मिलने के बाद छानबीन की तो हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने मंगलवार की रात आरोपियों को हिरासत में ले लिया था, आरोपियों से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो हत्या की वारदात का खुलासा हुआ।











