National

भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर टिप्पणी को लेकर गिरफ़्तार किए गए अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद ने किया सुप्रीम कोर्ट का रुख, जेएनयूटीए ने किया गिरफ़्तारी की निंदा

मो0 कुमेल

डेस्क: भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर टिप्पणी को लेकर गिरफ़्तार किए गए अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने आज मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई के सामने प्रोफ़ेसर अली ख़ान की याचिका तुरंत लिस्ट करने की अपील की। वही जेएनयूटीए ने इस गिरफ़्तारी की निंदा किया है। साथ ही हरियाणा राज्य महिला आयोग की तरफ से जारी नोटिस पर कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम किया है।

एड0 कपिल सिब्बल ने कहा, ‘अशोका यूनिवर्सिटी के एक प्रोफ़ेसर पर ऑपरेशन सिंदूर पर उनके पूरी तरह से देशभक्ति वाले बयान के बावजूद कार्रवाई की गई है, इस मामले को तुरंत लिस्ट किया जाना चाहिए।’ रिपोर्ट के मुताबिक सीजेआई गवई इस मामले को 20 मई या 21 मई को लिस्ट करने के लिए तैयार हुए हैं। प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष के संदर्भ में टिप्पणी की थी।

उन्होंने कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह से प्रेस ब्रीफ़िंग कराने को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखा था। हरियाणा की सोनीपत पुलिस ने स्थानीय निवासी योगेश की शिकायत के आधार पर उन्हें रविवार को गिरफ़्तार किया। वही जवाहरलाल नेहरू टीचर्स एसोसिएशन (जेएनयूटीए) ने अशोका यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद की गिरफ़्तारी पर नाराज़गी जताई है। जेएनयूटीए की ओर से इस मामले पर एक बयान जारी किया गया है। बयान में अली ख़ान महमूदाबाद की गिरफ़्तारी को ‘अनुचित’ बताया गया है।

जेएनयूटीए की ओर से कहा गया, ‘यह गिरफ़्तारी, कथित तौर पर सत्तारूढ़ पार्टी के एक नेता की शिकायत के आधार पर की गई है।’ एनयूटीए ने कहा, ‘डॉ0 खान ने सार्वजनिक बहस में हिस्सा लेकर चर्चा में शामिल मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त करके कोई अपराध नहीं किया। एक शिक्षाविद के तौर पर उस बहस को समृद्ध बनाना वास्तव में उनकी ज़िम्मेदारी का हिस्सा था।’ इस मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी प्रोफ़ेसर अली ख़ान को समन जारी कर उनसे जवाब मांगा था।

pnn24.in

Share
Published by
pnn24.in

Recent Posts