भारत की बेटियों ने फक्र से सर किया दुनिया में उंचा: टी-20 वर्ल्ड कप अंडर-19 Women’s फाइनल में इंग्लैंड को करारी शिकस्त देकर किया वर्ल्ड कप पर कब्ज़ा

तारिक खान
डेस्क: भारत की बेटियों ने विदेशी धरती पर देश का सर फख्र से उंचा कर दिया है। अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की बेटियों ने इंग्लैंड को करारी शिकस्त देकर अंडर 19 टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारतीय बेटियों ने आज ये इतिहास रच दिया है। भारत ने फ़ाइनल मुक़ाबले में इंग्लैंड को सात विकेट से करारी हार देते हुवे विश्व विजेता का खिताब पाया है।

भारत ने इंग्लैंड की ओर से मिले 69 रन के लक्ष्य को 14वें ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत की दोनों ओपनर सस्ते में ही पैवेलियन लौट गईं लेकिन सौम्या तिवारी (नाबाद 24 रन) और गोंगदी त्रिशा (24 रन) ने टीम पर दबाव नहीं आने दिया। भारत के लिए कप्तान शफ़ाली वर्मा ने 15 और श्वेता सहरावत ने पांच रन बनाए। भारत के पहले दो विकेट गिरे तो स्कोर था 20 रन। इसके बाद त्रिशा और सौम्या के बीच 46 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने इंग्लिश टीम को मैच से लगभग बाहर कर दिया। जब जीत सिर्फ़ तीन रन दूर थी तब त्रिशा आउट हो गईं।











