होली के पहले आम नागरिकों को महंगाई का बड़ा झटका, घरेलू एलपीजी सिलेंडरो की कीमत 50 तो कमर्शियल सिलेंडरों की कीमत में 350 रुपये का इजाफा

शाहीन बनारसी
होली से ठीक पहले आम नागरिकों को महंगाई ने एक बड़ा झटका दिया है। एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों को बड़ा झटका दिया है। आज से घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 50 रुपए तो कमर्शियल सिलेंडर के दाम 350 रुपए महंगा हो गया है। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 350.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।

बता दें कि कई माह से व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में गिरावट देखी जा रही थी। वहीं एक मार्च को तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो आज से ही प्रभावी है। इस बार तेल कंपनियों ने सिलेंडर की कीमत में 350.50 रुपए की बढ़ोतरी की है। अब व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2119.50 रुपए हो गई है। इससे पहले यह सिलेंडर 1769 रुपए में मिल रहा था। 1 जनवरी, 2023 को इस सिलेंडर की कीमत में 25 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। यहां पर इस बात का भी जिक्र कर दें कि 1 मई 2022 को व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत रिकॉर्ड 2355.50 रुपए पर थी।











