कर्णाटक विधानसभा चुनाव: चुनाव की तारीखों का हुआ ऐलान, 10 मई को एक चरण में होगा चुनाव, 13 मई को आएगा परिणाम, जाने क्या कहा मुख्य चुनाव आयुक्त ने

तारिक़ खान
डेस्क: केंद्रीय निर्वाचन आयोग कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए तारीखों का ऐलान आज बुधवार को कर चूका है। राज्य में 10 मई को एक चरण में विधानसभा के चुनाव कराए जाएंगे। वहीं, 13 मई को नतीजे घोषित होंगे। बताते चले कि चुनाव आयोग की प्रेस कांफ्रेंस सुबह 11:30 बजे से शुरू हो गई थी। गौरतलब है कि इस बार 24 मई को विधानसभा का कार्यकाल ख़त्म हो रहा है। कर्नाटक में कुल 224 विधानसभा सीटें हैं, और इस वक्त राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का शासन है, तथा बसवराज बोम्मई मुख्यमंत्री हैं।

चुनाव आयुक्त ने कहा कि कर्नाटक में नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य रहा है। हालांकि, बुजुर्ग मतदाताओं के लिए भी सुविधाएं बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि 80 साल से ज्यादा उम्र के लोग घर से ही वोट कर सकेंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस चुनाव के लिए कर्नाटक में कुल 224 विधानसभा सीटों पर 58,282 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। हर पोलिंग स्टेशन पर लगभग 883 मतदाताओं का औसत होगा। इतना ही नहीं 1320 मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिला अधिकारियों के पास होगा। आयोग ने इस बार कर्नाटक में 240 मॉडल मतदान केंद्र बनाने की बात कही है।











