प्रेम प्रसंग में दो लोगो की गोली मार कर हत्या, 4 गम्भीर रूप से घायल, दो में से एक हत्याभियुक्त मय आला-ए-क़त्ल सहित गिरफ्तार, दुसरे की तलाश में जारी है पुलिस की छापेमारी

अनिल कुमार
पटना: बिहार के लखीसराय ज़िले में एक परिवार के लोगों पर हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह घटना सोमवार सुबह लखीसराय के कबैया के पंजाबी मोहल्ले में हुई। पुलिस के मुताबिक़ ‘यह घटना प्रेम प्रसंग और शादी के विवाद’ को लेकर हुई है।

एसपी पंकज कुमार के मुताबिक़ इसी बात पर आशीष चौधरी ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर परिवार पर गोलीबारी कर दी। यह गोलीबारी उनके घर के पास उस वक़्त की गई जब वो छठ के मौक़े पर सुबह का अर्घ्य देकर वापस लौट रहे थे। इस गोलीबारी में घायल चारों लोगों को इलाज के लिए पटना भेजा गया है। एसपी पंकज कुमार ने बताया है कि आशीष फ़िलहाल फ़रार है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है। आशीष के एक सहयोगी को गिरफ़्तार कर लिया है और हत्याकांड में इस्तेमाल दो में से एक हथियार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।











