इसराइल के मंत्री और पूर्व सैन्य प्रमुख के बेटे की जंग के दरमियान मौत, बोले नेतन्याहू ‘दिल टूट गया’, अमेरिका ने किया इसराइल के तौर तरीके की आलोचना

फारुख हुसैन
डेस्क: इसराइल और हमास के बीच ज़मीनी जंग बेहद तेज़ है। दोनों तरफ से हमलो की जानकारी आ रही है। इस बीच आज इसराइल के लिए एक बुरी खबर उस समय आई जब पता चला कि इसराइल के पूर्व सैन्य प्रमुख गाडी आइसेनकोट के बेटे की ग़ज़ा में ज़मीनी अभियान के दौरान मौत हो गई। गाडी आइसेनकोट इस समय इसराइल की वॉर कैबिनेट में मंत्री हैं। इस समाचार के आने के बाद इसराइल के पीएम नेतन्याहू ने कहा है कि ‘दिल टूट गया।’

इस दरमियान कल शुक्रवार को अमेरिका ने ग़ज़ा युद्ध में इसराइल के तौर तरीकों की आलोचना की है। अमेरिका ने इस बात की भी शिकायत की है कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए इसराइल ने जो वादे किए थे और ग़ज़ा में ज़मीन पर जो कुछ हो रहा है, उसमें काफी अंतर है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें इसराइल द्वारा हिरासत में लिए गए दर्जनों फ़लस्तीनी पुरुष दिख रहे हैं। इसमें हिरासत में लिए गए फ़लस्तीनी निर्वस्त्र और कई सिर्फ अंडरवियर में दिख रहे हैं।












