छत्तीसगढ़: भाजपा नेता की हत्या के आरोप में कांग्रेस नेता सहित 11 गिरफ्तार

मिस्बाह बनारसी
डेस्क: छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित कांकेर में बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष और पखांजूर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष असीम राय की हत्या के मामले में पुलिस ने कांग्रेस के पार्षद समेत 11 लोगों को गिरफ़्तार किया है। पुलिस का कहना है कि असीम राय की हत्या राजनीतिक कारणों से की गई थी।

जिले के एसपी दिव्यांग पटेल ने मामले की जानकारी देते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली, भाजपा से कांग्रेस में आए पार्षद विकास पाल, जितेंद्र बैरागी ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष को मारने के लिए 7 लाख में सुपारी दी थी। इस हत्याकांड में शामिल 11 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि बीजेपी नेता असीम राय के नेतृत्व में नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। इस अविश्वास प्रस्ताव पर 15 जनवरी को मतदान भी होना था। उससे पहले असीम राय की हत्या कर दी गई।











