अरविन्द केजरीवाल की गिरफ़्तारी पर बोली प्रियंका गाँधी ‘ये गिरफ़्तारी असंवैधानिक, राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है, न उनकी सरकार को’

सारा अंसारी
डेस्क: अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी की ख़बर पर कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे गलत और असंवैधानिक बताया है। उन्होंने कहा है कि राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री जी को शोभा देता है, न उनकी सरकार को। इस तरह देश की सारी संस्थाओं की ताकत का अपने राजनीतिक मक़सद को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करना, दबाव डालकर उन्हें कमज़ोर करना लोकतंत्र के हर उसूल के ख़िलाफ़ है।

उन्होंने कहा कि ‘देश के विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज़ कर दिये गये हैं, तमाम राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर ईडी, सीबीआई, आईटी का दिन रात दबाव है, एक मुख्यमंत्री जेल में डलवा दिये गये हैं, अब दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी हो रही है। ऐसा शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है।’











