संदेशखाली में सीबीआई द्वारा बरामद हथियारों पर बोली ममता बनर्जी ‘पश्चिम बंगाल को बदनाम करने के लिए ये हथियार प्लांट भी किये जा सकते है, यहाँ चाकलेट बम भी फटे तो सीबीआई, एनआईए और एनएसजी को भेज देंगे

तारिक़ खान
डेस्क: शुक्रवार को केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ सीबीआई ने सन्देशखाली और कई अन्य जगहों पर छापेमारी किया और वह से भारी मात्रा में हथियार और बारूद बरामद किया। ये कार्रवाई ऐसे समय में हुई जब पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान हो रहा था। इस कार्रवाई के बाद सीबीआई ने ज़ब्त किए गए हथियार पेश किए। इनमें विदेश में बने रिवॉल्वर भी शामिल थे। बड़ी तादाद में गोलियां भी बरामद की गई हैं।

पश्चिम बर्दवान ज़िले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल सरकार की छवि ख़राब करने के लिए ‘ये पूरी प्रक्रिया नियोजित थी।’ ममता ने कहा, ‘अगर पश्चिम बंगाल में एक चॉकलेट बम भी फट जाए तो यहां सीबीआई, एनआईए, एनएसजी को भेज देते हैं, जैसे यहां कोई युद्ध चल रहा हो।’
ममता बनर्जी ने कहा कि ‘ये इकतरफ़ा तरीक़ा था क्योंकि राज्य की पुलिस को भी इसके बारे में जानकारी नहीं दी गई थी। किसी को नहीं पता कि ये हथियार कहां से बरामद हुए हैं, हो सकता है कि ये हथियार उनकी गाड़ियों से ही लाये गए हों और फिर बरामद किए हुए दिखा दिए गए हों।’











