वायनाड में हुवे भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़ कर हुई 144, चल रहा 192 का इलाज

माहिरा खान
डेस्क: वायनाड में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात हुए भूस्खलन में अब तक 144 लोगों को की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि अब तक मेप्पडी में 90 लोगों की और निलांबुर में 32 लोगों की मौत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि मेप्पडी में एक शिविर में 150 बच्चों को अन्य लोगों के साथ रखा गया है। बच्चों को मनोवैज्ञानिक सहायता भी दी जा रही है। इस बीच हादसे के बाद हालत को लेकर बुधवार सुबह केरल कैबिनेट बैठक कर रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन बचाव कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक भी करेंगे।
सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात एक से चार बजे के बीच तीन भूस्खलनों ने वायनाड के चूरालमाला, मुंडाक्कई जैसे इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। मंगलवार रात को राहत एवं बचाव कार्यों को रोक दिया गया था। एनडीआरएफ़ के टीम कमांडर एसआई संजय सोनी ने बताया था कि बचाव अभियान बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू होगा। वायनाड में हुई भूस्खलन घटना के बाद राज्य में दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है।











