आरजी कर मेडिकल कालेज में हडताली जूनियर डाक्टरों के समर्थन में 50 सीनियर डाक्टरों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

मोनू अंसारी
डेस्क: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेप और हत्या के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे जूनियर डॉक्टरों के समर्थन में अस्पताल के 50 सीनियर डॉक्टरों ने सामूहिक इस्तीफ़ा दे दिया। दूसरी ओर कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सीनियर डॉक्टरों ने भी 24 घंटे के भीतर जूनियर डॉक्टरों की मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में सामूहिक इस्तीफ़े की चेतावनी दी है।

सात जूनियर डॉक्टर 10 सूत्री मांगों के समर्थन में धर्मतल्ला इलाके में शनिवार शाम से ही आमरण अनशन पर बैठे हैं। सीनियर डॉक्टरों के सामूहिक इस्तीफे के कारण दुर्गा पूजा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत ने सोमवार को जूनियर डॉक्टरों से अनशन खत्म करने की अपील करते हुए भरोसा दिया था कि 10 अक्तूबर से पहले तमाम मेडिकल कॉलेजों में 90 फ़ीसदी मांगें पूरी हो जाएंगी।











