मध्य प्रदेश: दलित युवती से बाप ने किया छेड़खानी, छेड़छाड़ आरोपी को अदालत ने दिया ज़मानत, आरोपी के पुत्र ने पीडिता पर पेट्रोल छिड़क कर लगाया आग, दौरान-ए-इलाज हुई पीडिता की मौत

संजय ठाकुर
डेस्क: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दशहरा पर पेट्रोल डालकर जलाई गई छेड़छाड़ पीडिता दलित युवती की इलाज के दौरान गुरुवार देर रात मौत हो गई। घटना में गंभीर रूप से घायल युवती का इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा था। छह दिन बाद युवती की मौत हो गई। युवती की जान लेने वाला आरोपी उससे छेड़छाड़ करने वाले आरोपी का बेटा है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद युवती के शव को खंडवा लाया गया।

वहीं, दशहरा के दिन 12 अक्तूबर को आरोपी अर्जुन ने युवती पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। युवती के पिता ने तुरंत आग बुझाई और बेटी को खंडवा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने कहा कि छेड़छाड़ के आरोपी मांगीलाल के बेटे ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी, इसके बाद पुलिस ने आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इस मामले को लेकर अब प्रदेश में बवाल मच गया है. एक ओर जहां कांग्रेस ने सरकार को घेर लिया है, वहीं इलाके में मातम पसर गया है. इस घटना के बाद युवती के घर में कोहराम मच गया है. घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस मामले में आरोपी पिता को जमानत मिल गई है, जबकि उसका बेटा अभी जेल में है. पुलिस का कहना है कि कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में आरोपी पर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं. इस घटना ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है.
इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की. उन्होंने लिखा, ‘खंडवा में बीती 12 अक्टूबर को दशहरे के दिन पेट्रोल डालकर जलाई गई छेड़छाड़ पीड़िता ने गुरुवार देर रात इंदौर में दम तोड़ दिया है! सीएम मोहन यादव यह सामान्य नहीं, सरकारी-हत्या है! आपकी पुलिस ने न समय रहते कार्रवाई की, न पीड़िता को सुरक्षा मुहैया करवाई! तभी तो आरोपियों ने दुस्साहस किया! शिकायत के बाद पीड़िता को पेट्रोल डालकर जला दिया! यह जंगलराज की पराकाष्ठा है!’











