बॉयफ्रेंड ने शादी का झांसा देकर लॉ स्टूडेंट से किया रेप, फिर 3 दोस्तों संग मिल किया गैंगरेप, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महीनो तक करते रहे रेप, तंग आकर छात्रा ने किया आत्महत्या का प्रयास तो खुला राज़

मो0 कुमेल
डेस्क: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक 20 साल की लॉ स्टूडेंट ने आत्महत्या का प्रयास किया। कानून की पढाई करके अपना भविष्य बनाने का ख्वाब सजाये एक युवती ने जब आत्महत्या का असफल प्रयास किया तब एक गंभीर अपराध से पर्दा उठा कि उसके साथ महीनो से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। आरोप है कि छात्रा के एक करीबी दोस्त ने अपने तीन जानकार लोगों के साथ मिलकर गैंगरेप को अंजाम दिया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बना लिया।

एनडीटीवी के मुताबिक विशाखापट्टनम के पुलिस आयुक्त शंका व्रत बागची ने बताया कि सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी वामसी और पीड़ित लॉ स्टूडेंट कथित तौर पर एक साल से रिलेशनशिप में थे। उसने बताया कि मुख्य आरोपी वामसी ही है। पुलिस का कहना है कि वामसी ने पीड़िता को शादी करने तक का वादा किया था। आरोपों के मुताबिक बीती 13 अगस्त को वामसी छात्रा को कृष्णा नगर स्थित अपने दोस्त के घर ले गया था। वहां उसने और उसके साथियों ने पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया और उसका वीडियो भी बनाया।
पुलिस ने कहा कि बाद में आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगे। इसके बाद उन्होंने कई बार लड़की का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने आगे बताया कि रेप और उसके बाद ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता ने 18 नवंबर को आत्महत्या का प्रयास किया था। उसके पिता ने समय रहते उसे बचा लिया। इसके बाद लड़की ने अपने परिजनों को आपबीती बताई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।











