मेरठ में मृतक किसान मनोहर के परिजनों से किया राकेश टिकैत ने मुलाकात, विकास प्राधिकरण पर लगाया गंभीर आरोप

सिद्धार्थ शर्मा
मेरठ: मेरठ में रविवार को हाईटेंशन लाइन के टावर से गिरने के कारण किसान मनोहर की मौत हो गई थी। बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मेरठ मंडलायुक्त से मुलाकात की। साथ ही वो किसान के परिवार से भी मिले। उन्होंने मेरठ विकास प्राधिकरण पर गंभीर आरोप लगाए। कमिश्नर ने इस मामले में जांच के लिए एक टीम गठित करने की बात कही है।

टिकैत ने कहा कि किसान को मुआवजा नहीं मिल रहा है। न ही किसानों के पास जमीन बच रही है। किसान मनोहर के लिए हम लड़ेंगे। लड़ाई जारी रहेगी। किसानों की जमीनों को बड़े व्यापारियों और पूंजिपतियों को अलॉटमेंट किया जा रहा है। अगर कोई इसके खिलाफ बोलता है, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो जाता है, ऐसे में किसान की सुध कौन लेगा। परिवार के सदस्यों से मिलने पहुंचे राकेश टिकैत ने ऑपरेशन सिंदूर नाम पर भी एतराज जताया। उन्होंने कहा कि सिंदूर नाम से उन्हें आपत्ति है। जिसका सिंदूर उजड़ जाए, उसके घर कैसे सिंदूर लेकर जाएंगे।
वहीं मंडलायुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने कहा कि राकेश टिकैत किसानों के साथ मिलने पहुंच थे। किसान की मौत बेहद दर्दनाक थी। इस मामले में जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। हर एंगल से जांच होगी और वरिष्ठ अधिकारी जांच करेंगे। गौरतलब हो कि रविवार को मेरठ के मवाना क्षेत्र के रहने वाले किसान मनोहर ने हाईटेंशन लाइन पर चढ़कर मेरठ विकास प्राधिकरण पर अपनी जमीन को अधिग्रहण करने के बावजूद मुआवजा नहीं दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त की थी। टावर से गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया था।











