लाखों का बजट पास होने के बाद भी कुत्ता काटने के इंजेक्शन अस्पतालों में नहीं है उपलब्ध

फारुख हुसैन
मोहम्मदी खीरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्य शाखा में अगले कई दिन तक कुत्ता, बिल्ली और बंदर के काटे मरीजों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ेगा।यहां पर एंटी रैबीज इंजेक्शन खत्म हो चुके हैं। शुक्रवार को यहां पर इंजेक्शन लगवाने के लिए आए सभी मरीजों को जिला अस्पताल जाने के लिए कह दिया गया। मीलों का सफर तय कर जब तक जिला अस्पताल तक पहुंचे, तब तक वहां पर ओपीडी बंद हो चुकी थी। ऐसे में मरीजों को बाजार से इंजेक्शन खरीदकर निजी अस्पतालों से लगवाने पड़े।


सीएचसी अधीक्षक सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मेरे द्वारा निरंतर एंटी रेबीज इंजेक्शन की डिमांड जिला मुख्यालय पर भेजी जा रही है। मैं उच्चाधिकारियों से वार्ता भी कर रहा हूं जैसे ही जिले पर इंजेक्शन उपलब्ध हो जाएंगे तत्काल प्रभाव से क्षेत्रीय लोगों का उसका लाभ मिलना संभव होगा।
क्षेत्रीय सांसद रेखा अरुण वर्मा ने हमसे बात करते हुवे कहा कि यह गंभीर विषय है। जल्द ही उच्च अधिकारियों से वार्ता कर क्षेत्र में एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराने का कार्य करूंगी।
एडिशनल सीएमओ से बात होने पर उन्होंने कहा कि एंटी रेबीज इंजेक्शन की कमी क्षेत्रों में चल रही है। यह समस्या ऊपर से है। जल्द ही अधिकारियों से बात कर उपलब्ध कराया जाएगा।
वही जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि जनता से जुड़ी यह बड़ी समस्या है।यह मामला संज्ञान में आया है। मैं शासन पर बात कर जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान सोमवार तक कराने का प्रयास करूंगा।










