लोकसभा चुनाव में पूरे दम से लड़ेंगे, विधानसभा चुनाव में बनाएंगे सरकार: राहुल गांधी

अंजनी राय
लखनऊ. प्रियंका गांधी का रोड शो करीब पांच घंटे चला और लखनऊ के लालबाग इलाके में सम्पन्न हुआ। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रियंका यूपी में कांग्रेस को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस फ्रंटफुट पर खेलेगी और 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

राहुल ने कहा कि यूपी में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मैं मायावती और अखिलेश का आदर करता हूं। हालांकि इस दौरान कार्यकर्ताओं को प्रियंका गांधी का भी सम्बोधन सुनना था, लेकिन उन्होंने भाषण नहीं दिया। इस कारण कार्यकर्ता मायूस भी दिखे। इससे पहले प्रियंका गांधी ने हजरतगंज में महात्मा गांधी, सरदार पटेल और भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।











