भदोही – दो दिन से लापता किशोरी का मिला नदी में तेज़ाब से जला शव, परिजनों का आरोप- गैंगरेप के बाद किया गया निर्मम हत्या

तारिक़ खान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले दिन ब दिन बढ़ते ही जा रहे है। इस दरमियान महिलाओं के साथ यौन हिंसा और बलात्कार की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। लखीमपुर की घटना पर अभी लोग बहस ही कर रहे थे कि आज उत्तर प्रदेश में कालीन नगरी के नाम से मशहूर भदोही में एक किशोरी के साथ कथित बलात्कार के बाद हत्या कर लाश को तेज़ाब से जला कर शव की शिनाख्त मिटाने की कोशिश का मामला सामने आया है। प्रकरण में परिजनों ने आरोप लगाया है कि नाबालिग किशोरी से गैंग रेप किया गया है।

घटना के सम्बन्ध में प्राप्त समाचारों के अनुसार भदोही कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी दो दिन पहले खेत में पशु चराने गई थी। इसी दौरान वह लापता हो गई। लड़की के परिजनों ने भदोही कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने धारा 363 अपहरण का मुकदमा लिखा था और लापता लड़की को खोजा जा रहा था। इस दरमियान पुलिस की कार्यशैली पर भी स्थानीय लोगो ने सवालिया निशाँन लगाये है। बहरहाल आज लापता नाबालिग लड़की का शव नदी में मिला है।
जली हुई अवस्था में शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। मृतका के परिजनों ने आशंका जताई है कि रेप के बाद तेजाब डालकर लड़की को जलाया गया है। पुलिस का मानना है कि लड़की की निर्मम तरीके से हत्या की गई है। मामले में क्राइम ब्रांच समेत चार टीम जांच के लिए गठित की गई है। प्रथम दृष्टया यह रेप का मामला नजर आ रहा है, शव को देखने से ही लग रहा था कि आरोपियों ने किस तरह मासूम लड़की के साथ गैंग रेप कर और पहचान उजागर न हो इसीलिए तेज़ाब से जलाकर नदी में फेंक दिया गया ताकि मेडिकल में भी कुछ न निकलकर आए।
लेकिन भदोही पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। भदोही के पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह का कहना है कि परिजनों के द्वारा जो रेप की बात कही जा रही है उसका पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।











