मुहब्बत की नगरी में ज़लालत की इन्तेहा : 72 साल की बुज़ुर्ग महिला के साथ बलात्कार

शाहीन बनारसी (इनपुट: साहिल खान)
आगरा। मुहब्बत की नगरी आगरा में आज जलालत की इन्तेहा खत्म कर देने वाली एक घटना सामने आई है। जहा एक 72 साल की बुज़ुर्ग महिला के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया गया है। बुज़ुर्ग महिला के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी विकास शर्मा (52) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रकरण में बुज़ुर्ग महिला का मेडिकल करवा कर अग्रिम विधिक कार्यवाही कर रही है।

बुज़ुर्ग पीडिता के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि वह एक शादी समारोह में जा रहा है। वहां पर हलवाई को पूड़ी बेलने के लिए महिलाओं की आवश्यकता है। वह उसे भी काम दिला देगा। इससे उसे कुछ रुपये मिल जाएंगे। वह उसके साथ चली गईं। आरोपी महिला को अपने बिचपुरी मार्ग स्थित शिव विहार कालोनी में अपने मकान पर ले आया। महिला ने अपने घर जाने की कोशिश की, लेकिन उसने बंधक बना लिया तथा उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। दुष्कर्म के दरमियान विकास नशे में था और वह बेसुध होकर सो गया।
सोमवार सुबह महिला घर से बाहर आई और गली में आकर गिर पड़ीं। उन्हें देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को अस्पताल मे भर्ती कराया। उधर, वृद्धा के परिवार के लोग भी तलाशते हुए आ गए। होश में आने पर महिला ने घटना की जानकारी दी। सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। महिला का मेडिकल कराया जाएगा। कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपी की उम्र 52 साल है। उसके तीन बच्चे हैं। इनमें से दो शादीशुदा है। उनकी पत्नी गांव में रहती है।











