लोनी का व्यापारी नहीं करेगा पलायन, गुंडे बदमाश करेंगे – आश्वासन पर खुला बन्द बाजार


गाजियाबाद / लोनी के व्यापारियों ने लूट की बढ़ती वारदातों और पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में शुक्रवार सुबह से ही बाजार अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया और शिव मंदिर में काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठ गए। करीब साढ़े 10 बजे लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर , नगर पालिका लोनी चेयरमैंन रंजीता धामा , एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह , सीओ दुर्गेश कुमार सिंह , लोनी थाना प्रभारी उमेश कुमार पांडेय ने धरना स्थल शिव मंदिर में पहुंचकर जल्दी अपराधिक वारदातों का खुलासा करने एवं घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर लोनी व्यापार मंडल के अध्यक्ष रतन सिंह भाटी ने विधायक नंदकिशोर गुर्जर के द्वारा छेडी गई भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम के तहत निलंबित किए गए लेखपाल व कानूनगो की तरह ही अन्य विभागों मे जमे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग की। विधायक ने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वाह करने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि अगर क्षेत्रवासी किसी भी अधिकारी व सरकारी कर्मचारी की शिकायत करेंगे तो उसको बख्शा नहीं जाएगा।











