बाढ़ प्रभावित ग्राम ढकियाकलां पहुंचे विधायक व तहसीलदार, बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर जाना हाल, तत्काल में नहीं की गई कोई मदद
निराश दिखे ग्रामीण, विधायक व अधिकारियों ने महज आवास दिलाने का आश्वासन देकर झाड़ लिया पल्ला


लखीमपुर -खीरी। खीरी जिले के थाना भीरा क्षेत्र की ग्राम सभा शाहपुर के ग्राम ढकियाकलां में पहुंचे विधायक रोमी साहनी व तहसीलदार ने बाढ़ पीड़ितों का हालचाल जाना।
बता दें कि शारदा नदी द्वारा लगातार कटान जारी है। इस वजह से क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। कटान होने की वजह से तमाम गांवों के ग्रामीण पलायन करने को भी मजबूर हो रहे हैं। शुक्रवार को ग्रामसभा शाहपुर के गाम ढकियाकलां में चल रहे कटान का मुआयना करने के लिए क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी व तहसीलदार अनिल कुमार यादव पहुंचे। जहां उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनका दुख-दर्द सुना। विधायक के पहुंचने से बाढ़ पीड़ितों में कुछ मदद मिलने की आस तो जगी, लेकिन उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। विधायक व तहसीलदार ने मौके पर उनकी कोई मदद नहीं की। बताया जाता है कि विधायक ने बाढ़ पीड़ितों को अपने घर पर बुलावा देकर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।












