सबसे अधिक उम्र में माँ बनने का विश्व रिकॉर्ड – 73 साल की उम्र में दिया जुड़वाँ बच्चो को जन्म

हर्मेश भाटिया
आंध्र प्रदेश के गुंटूर ज़िले में एक 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने जुड़वां बच्चियों को जन्म दिया है। महिला का नाम येरामति मंगायम्मा है और उन्होंने बुधवार सुबह 10:30 बजे सी-सेक्शन के जरिए यानी सिजेरियन इन बच्चों को जन्म दिया है। इनका ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर उमा शंकर ने बीबीसी तेलुगु को बताया कि मां और जुड़वां बच्चियां दोनों स्वस्थ हैं। बच्चियां अभी अगले 21 दिन डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगी।

इनकी शादी 22 मार्च 1962 को हुई थी। बच्चे की चाहत में ये दंपति कई वर्षों तक अस्पतालों का चक्कर लगाता रहा। कुछ दिनों पहले जब इस दंपति के इलाके की ही एक 55 वर्षीय महिला ने आईवीएफ के ज़रिए बच्चे को जन्म दिया, तब इन्होंने भी आईवीएफ तकनीक के ज़रिए एक बार और कोशिश करने का फ़ैसला किया। बीते वर्ष यह दंपति गुंटूर की इस क्लीनिक में पहुंचा। डॉक्टर उमा शंकर ने सभी टेस्ट करने के बाद उनका इलाज शुरू किया।











