वाराणसी – पीएसी सिपाही भर्ती परीक्षा में मेडिकल धांधली का किया वाराणसी पुलिस ने खुलासा, एक चिकित्सक सहित दो हिरासत में, चार सफेदपोशो की और है तलाश

तारिक आज़मी
वाराणसी. प्रान्त में हुई पीएसी भर्ती हेतु मेडिकल परीक्षा में बड़ी धांधली का वाराणसी पुलिस ने सफल खुलासा किया है। इसको स्कैम कहना कही से गलत भी नही होगा। वाराणसी पुलिस ने इस धांधली का खुलासा करते हुवे जिला चिकित्सालय दीन दयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल के एक सर्जन डॉ शिवेश जायसवाल सहित दो को हिरासत में लिया है। दूसरा गिरफ्तार अभियुक्त आकाश बेनवंशी नारायणपुर का निवासी बताया जा रहा है।

आज गिरफ्तार अभियुक्तों को मीडिया के सामने पेश करते हुवे एसपी (नगर) दिनेश सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ़्तारी का प्रयास जारी है। इनके नामो का खुलासा करते हुवे उन्होंने बताया कि वांछितो में कबीरचौरा अस्पताल के डॉ। एस के पांडेय, पीएसी 36वीं बटालियन रामनगर के आरक्षी रमेश सिंह, पुलिस लाइन गाजीपुर के राजेश कुमार सिंह और पवन कुमार जायसवाल की पुलिस को तलाश है। अन्य चार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गई है।











