जीडीपी में आती कमी का मुख्य कारण सरकार का अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने के बजाये राजनितिक और सामाजिक एजेंडे पर ध्यान देना है – पुर्व आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन

आदिल अहमद
नई दिल्ली: लगातार नीचे जाती जीडीपी आकड़ो के आने के बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस पार्टी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि आंकड़ों से स्पष्ट है कि ‘करो-ना’ वायरस ने इस सरकार को पंगु बना दिया है। वही आरबीआई के पूर्व गवर्नर और शिकागो बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस के वित्त के प्राफेसर रघुराम राजन ने कहा कि आर्थिक वृद्धि में नरमी का कारण मौजूदा सरकार का अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने के बजाए अपने राजनीतिक और सामाजिक एजेंडे को पूरा करने पर अधिक जोर देना है।

राजन ने कहा, ‘दुर्भाग्य से इस प्रवृत्ति के कारण वृद्धि की गति धीमी हुई है। इसका कारण सरकार द्वारा शुरू में उठाये गये कुछ कदम भी है जिसमें नोटबंदी और खराब तरीके से लागू माल एवं सेवा कर (जीएसटी) का सुधार शामिल हैं।’ आधिकारिक आंकड़े के अनुसार भारत की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 4।7 प्रतिशत रही जो करीब सात साल का न्यूनतम स्तर है।
वृद्धि दर का यह आंकड़ा 2012-13 की जनवरी-मार्च तिमाही के बाद सबसे कम है। बातचीत में राजन ने कहा कि भारत ने वित्तीय क्षेत्र की समस्या को दूर करने के लिये पर्याप्त कदम नहीं उठाये और दुर्भाग्य से इसके कारण वृद्धि में नरमी आ रही है।’ उनके इस साक्षात्कार का प्रसारण जीडीपी आंकड़ा आने से पहले किया गया।उन्होंने कहा कि ‘अगर मामलों पर सही से ध्यान दिया और उपयुक्त कदम उठाये जाएं, चीजें बदल सकती हैं।’











