खौफज़दा कर रही है मुल्क में कोरोना की रफ़्तार, कुल मृतकों की संख्या पहुची 50 हज़ार के करीब

तारिक़ आज़मी
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। इस बीच देश में कोरोना वायरस का मामला 25.90 लाख के करीब पहुच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज शनिवार को सुबह जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 25,89,682 हो गई है।

बता दें कि पिछले 11 दिनों से भारत हर दिन दुनिया में किसी भी देश से ज्यादा नए मामले दर्ज कर रहा है। भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों पर WHO ने चिंता जताई है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार इस महीने में रोजाना नए कोरोना के मामलों में भारत, विश्व के अन्य देखों से आगे चल रहा है। लगातार 12 दिनों से विश्व में सबसे ज्यादा मामले भारत में मिल रहे हैं. इसके अलावा WHO के अनुसार इन 15 दिनों में सिर्फ 2 दिन ही भारत में मृतकों की संख्या सर्वाधिक रही।
वहीं, भारत हर दूसरे दिन एक लाख नए मामले जोड़ रहा है। देश ने 198 दिनों में 25 लाख का आंकड़ा पार कर लिया है। जबकि एक लाख संक्रमितो की संख्या पार करने में कुल 110 दिन लगे थे। इसके बाद महज़ 88 दिनों में 24 लाख से अधिक मामले सामने आये है।
भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों को आप इस तरह से समझ सकते हैं कि भारत 1 से 5 लाख के आंकड़े पर 39 दिनों में पहुंचा। अगले 20 दिनों में यह संख्या 5 से 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई। 10 से 15 लाख की संख्या को पार करने में महज 12 दिन लगे। इसके बाद मामले दोगुनी तेजी से बढ़े 15 से 20 लाख 9 दिन में हुए और 20 से 25 लाख की संख्या सिर्फ 8 दिनों में बढ़ गई। यानी कि करीब एक हफ्ते में हम करीब 5 लाख के आंकड़े को पार कर रहे हैं।











